ऋषी तिवारी
Assam Legislative Assembly Elections : असम विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। नगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद और पूर्व मंत्री प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह कदम पार्टी के लिए उस समय चिंता का विषय बन गया है, जब राज्य में चुनावी सियासत अपने चरम पर है।
पार्टी अध्यक्ष को लिखा पत्र
बता दें कि प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर किया है। अपने त्यागपत्र में उन्होंने लिखा कि अत्यंत दुख के साथ, मैं आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सभी पदों, विशेषाधिकारों और प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र देता हूं।
यह भी पढ़ें : अमेरिका में डीजल की कीमतें 5 डॉलर के पार, करीबी सलाहकार के इस्तीफे से सरकार में हलचल
बदल सकते हैं सियासी समीकरण
बता दें कि इस्तीफे के बाद प्रद्युत बोरदोलोई जल्द ही भाजपा के साथ जुड़ सकते हैं। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें अपने पाले में करने के लिए काफी सक्रिय है। यदि ऐसा होता है, तो नगांव और आसपास के क्षेत्रों के चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं। बोरदोलोई की जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच गहरी पैठ है, जिससे उनका असर चुनाव पर सीधे पड़ने की संभावना है।

दशकों पुराना था कांग्रेस से रिश्ता
बता दें कि प्रद्युत बोरदोलोई दशकों से असम में कांग्रेस का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर 1998 में मार्घेरिटा सीट से विधायक के रूप में शुरू किया था। इसके बाद 2001 से 2015 के बीच उन्होंने असम सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्री पद संभाले। ऊपरी असम में उन्हें कांग्रेस का सबसे मजबूत स्तंभ माना जाता था। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने नगांव सीट से कांग्रेस के टिकट पर शानदार जीत दर्ज की थी।






















Comments are closed.