Delhi News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम गांव इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एलपीजी (LPG) गैस भंडारण और रिफिलिंग के रैकेट का पर्दाफाश किया है। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 45 भारत गैस सिलेंडर, गैस ट्रांसफर उपकरण और एक टेंपो को बरामद किया गया है।
गश्त के दौरान मिली सूचना, बड़े हादसे का था अंदेशा
पुलिस को गश्त के दौरान आदर्श गली के पास एक खाली प्लॉट में अवैध गैस गतिविधियों की सूचना मिली। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक टेंपो खड़ा मिला, जिसके अंदर और आसपास बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के एक सिलेंडर से दूसरे में गैस ट्रांसफर की जा रही थी। यह गतिविधि न सिर्फ गैरकानूनी थी, बल्कि किसी बड़े विस्फोटक हादसे को न्योता दे रही थी।
यह भी पढ़ें : मासिक राशिफल अप्रैल 2026: जानिए ग्रहों की चाल से आपके जीवन में आएंगे क्या बदलाव?
तीन गिरफ्तार, किराए के प्लॉट पर चल रहा था खेल
मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों—अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार को गिरफ्तार किया। ये तीनों गैस डिलीवरी से जुड़े कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने प्लॉट किराए पर लेकर यहां अवैध रूप से गैस स्टोर करने और रिफिलिंग का धंधा शुरू किया था, ताकि आसानी से अवैध मुनाफा कमाया जा सके।
एसडीएम और बीपीसीएल टीम ने भी किया निरीक्षण
इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम द्वारका, बीपीसीएल (BPCL) और खाद्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अवैध गतिविधियों की पुष्टि की। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी बरामद सिलेंडरों, नोजल, वेट मशीन और टेंपो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
डीसीपी का बयान- अन्य आरोपियों की तलाश जारी
दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि यह ऑपरेशन आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने कहा, “इस तरह की अवैध गैस रिफिलिंग किसी भी समय बड़ा हादसा कर सकती है।”
डीसीपी ने यह भी बताया कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और सर्विलांस के जरिए उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। आगे की जांच जारी है और इस पूरे अवैध नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस कार्रवाई तेज कर दी गई है।





















