World Leaders Congratulate PM Narendra Modi:भारत के लिए 10 जून की तारीख बेहद खास है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून को बतौर केंद्र सरकार प्रमुख पीएम मोदी ने 12 साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक मौके पर न केवल देशवासी, बल्कि दुनियाभर के बड़े नेता और राष्ट्राध्यक्ष भी उन्हें बधाई देने में पीछे नहीं हटे हैं। विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती पहचान और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को लेकर दुनिया भर से सकारात्मक संदेश सामने आ रहे हैं। आइए, जानते हैं कि दुनिया के किन-किन दिग्गजों ने उन्हें बधाई दी और क्या उनके संदेश में कहा गया है।
भूटान के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को बताया ‘भाई और मार्गदर्शक‘
भारत के पड़ोसी और मित्र देश भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने पीएम मोदी को बधाई देने का एक बेहद ही भावनात्मक तरीका अपनाया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नाम दो पन्नों का एक लंबा पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने पीएम मोदी को दोस्त, भाई और मार्गदर्शक बताते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। तोबगे ने कहा कि पीएम मोदी के लगातार कार्यकाल में भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनना गौरव का क्षण है। यह उपलब्धि भारत के नागरिकों द्वारा उन पर बार-बार जताए गए भरोसे और भारत की लोकतांत्रिक ताकत को दर्शाती है।
अपने पत्र में उन्होंने 2014 के उस पल को याद किया, जब पीएम मोदी ने पहली बार शपथ ली थी। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी की पहली विदेश यात्रा भूटान की थी, जो दोनों देशों के गहरे संबंधों को दर्शाती है। तोबगे ने कहा कि उनकी आधिकारिक बातचीत धीरे-धीरे भरोसे और सम्मान पर आधारित निजी दोस्ती में बदल गई है। उन्होंने पीएम मोदी को एक बड़े भाई की तरह बताया, जो सफलता और चुनौतियों के समय मार्गदर्शन और हौसला देते हैं। उन्होंने आशा जताई कि मोदी की विरासत उनके व्यक्तिगत गुणों और राजनीतिक उपलब्धियों के लिए हमेशा याद रखी जाएगी और भारत-भूटान के संबंध पीढ़ियों तक बने रहेंगे।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने की साझेदारी की सराहना
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी को इस बेहतरीन उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिस पर वह उन्हें हार्दिक बधाई देती हैं। मेलोनी ने हाल के दिनों में रोम में पीएम मोदी के साथ हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उनके साथ एक खास रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत करना बेहद खुशी की बात रही। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह साझेदारी भविष्य में दोनों देशों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।
इथियोपिया और मंगोलिया ने किया ग्लोबल साउथ की आवाज़ का समर्थन
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पीएम मोदी को अपना बड़ा भाई और प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि पीएम मोदी ग्लोबल साउथ की एक मजबूत और निरंतर आवाज रहे हैं। अली ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इस दौरान लाखों लोग गरीबी से बाहर आए हैं और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़े पैमाने पर विस्तार हुआ है, जिससे तेजी से आर्थिक प्रगति हुई है।
वहीं, मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख ने भी पीएम मोदी को ‘प्रिय मित्र’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि पीएम मोदी के नेतृत्व और भारत की जनता के विश्वास का प्रमाण है। मंगोलिया के राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की इच्छा जताई और पीएम मोदी के स्वास्थ्य व सफलता की कामना की।
श्रीलंका, मालदीव, मलेशिया और नाइजीरिया के नेताओं ने दी शुभकामनाएं
भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार डिसनायके ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि श्रीलंका भारत के साथ अपनी करीबी साझेदारी को महत्व देता है और आने वाले समय में इन संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद करता है। मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइजूं ने भी आपसी सम्मान और साझे हितों के आधार पर सहयोग बढ़ाने की बात कही।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी की इस उपलब्धि को उनकी जनसेवा और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को मजबूत करने का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि मलेशिया भारत के साथ अपनी पुरानी दोस्ती को तवज्जो देता है और आगे भी संबंध मजबूत होंगे।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबु ने तो पीएम मोदी को अपना ‘व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की समझदारी, साहस और देश की प्रगति के प्रति समर्पण सबके लिए प्रेरणादायक है।
केन्या और साउथ कोरिया ने की लोकतंत्र की सराहना
केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुटो ने पीएम मोदी के सफर की सराहना करते हुए कहा कि एक साधारण शुरुआत से लेकर इस उच्च पद तक का सफर उनके समर्पण और जनसेवा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन बार जनादेश मिलना भारत की जनता के विश्वास को दर्शाता है।
साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने भी पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के विकास का नेतृत्व किया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत की प्रतिष्ठा को ऊंचा उठाया है। उन्होंने कोरिया-भारत विशेष रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की बात कही। ये सभी संदेश दर्शाते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्व मंच पर अहम उपस्थिति है और विश्व के नेताओं के साथ उनके संबंध मजबूत और विश्वासपूर्ण हैं।






















