ऋषी तिवारी
Delhi News : देश की राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलने वाली कथित “मुफ्त सुविधाएं” अब धीरे-धीरे यात्रियों की जेब पर भारी पड़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सामने आए मामले ने रेलवे प्रशासन के दावों को चुनौती दी है, जहां बेसिक सुविधाओं के नाम पर यात्रियों से अवैध वसूली का आरोप सामने आया है।
जाने क्या है पूरा मामला?
बता दें कि ताज़ा मामला हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 का है, जहां यात्रियों को शौचालय का उपयोग करने के लिए ₹5 से ₹10 तक की राशि चुकानी पड़ रही है। आमतौर पर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए शौचालय की सुविधा मुफ्त मानी जाती है, लेकिन यहां कुछ अलग ही नजर आ रही है। यात्रियों का आरोप है कि प्लेटफॉर्म पर बने शौचालयों को ‘पे एंड यूज’ (Pay and Use) में तब्दील कर दिया गया है। एक यात्री बताते है कि पहले यह सुविधा पूरी तरह से मुफ्त थी, लेकिन अब यहां तैनात स्टाफ हर व्यक्ति से जबरन पैसे मांग रहा है। अगर पैसे नहीं दिए, तो प्रवेश ही नहीं मिल रहा।
यह भी पढ़ें : पिता बनने के बाद रणदीप हुड्डा का दमदार कमबैक! फिल्म में हरियाणवी जाट में दिखेंगे
बढ़ती है यात्रियों की परेशानी
दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर लगातार बढ़ रही इस तरह की ‘वसूली’ से आम यात्री परेशान है। खासकर वे यात्री जो लंबी यात्रा करते हैं या कम बजट में यात्रा कर रहे हैं, उनके लिए हर छोटी-मोटी सुविधा के लिए पैसे देना मुश्किल बनता जा रहा है। यात्रियों का मानना है कि सरकारी संस्थानों को जनता को राहत देनी चाहिए, लेकिन ऐसे मामलों में वे महंगाई का शिकार हो रहे हैं।






















