Delhi News: दिल्ली पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहे ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ किया है। साउथ-वेस्ट जिले की साइबर थाना टीम ने इस गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर कंबोडिया से संचालित होने वाली ठगी का जाल बुन रहे थे। इस गिरोह पर एक बुजुर्ग से 22.67 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।
कैसे हुई ठगी?
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पर निवेश पर भारी मुनाफे का लुभावना विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दिखाए गए झूठे वादों और फायदे के चक्कर में पड़कर उन्होंने धीरे-धीरे कुल 22.67 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उन्हें मुनाफा नहीं मिला और संपर्क टूट गया, तो वे पुलिस के पास पहुंचे।
पुलिस की जांच और रेड
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने डिजिटल डेटा और मनी ट्रेल (पैसों के स्रोत) का गहराई से पता लगाया। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह दिल्ली के रोहिणी और नेताजी सुभाष प्लेस (NSP) से अपना कामकाज चला रहा था। पुलिस ने नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक नकली ऑफिस पर छापा मारा, जहां से तजिंदर सिंह उर्फ लकी, आशीष सैनी, शिव दयाल सिंह, शिवा और गिरिराज किशोर को गिरफ्तार किया गया। इस नकली ऑफिस का काम साइबर अपराधियों को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराना था।
यह भी पढ़ें : चैत्र नवरात्रि में मनाई जाएगी देवी यमुना की उत्पत्ति, जानें शुभ तिथि और महत्व
मुंबई और राजस्थान में फैला जाल
जांच में यह भी पता चला कि ठगी का पैसा कई खातों से होते हुए अंततः मुंबई पहुंचता था। मनी ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस की टीम राजस्थान के बिजाई नगर पहुंची, जहां रेड कर रामदेव सांगला, प्रवीण कुमावत, दीपक मेवाड़ा और त्रिलोक चंद नायक को दबोच लिया गया। इस प्रकार कुल 11 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।
कंबोडिया कनेक्शन
सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह है कि इस ठगी का संचालन कंबोडिया से हो रहा था। गिरोह भारत में फर्जी बैंक खाते खुलवाकर उन्हें मुंबई स्थित एक ‘PK’ नामक संदिग्ध व्यक्ति के जरिए कंबोडिया बैठे मास्टरमाइंड्स तक पहुंचाता था। पुलिस का अनुमान है कि यह गिरोह काफी बड़े पैमाने पर साइबर ठगी कर रहा था और इसका अंतरराष्ट्रीय तार जुड़ा है।
यह भी पढ़ें : आज का राशिफल क्या कहते हैं आपके सितारे? पढ़ें पूर्ण भविष्यफल
पुलिस की सलाह
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर “भारी मुनाफा” या “डबल इनकम” जैसे लुभावने विज्ञापनों में फंसने से बचें। किसी भी अनजान व्यक्ति या खाते में निवेश करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।























