UP News : बिहार राज्य के स्थापना दिवस (बिहार दिवस) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने न केवल बिहार के सांस्कृतिक वैभव की तारीफ की, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में राज्य के विकास को भी रेखांकित किया।
सोशल मीडिया पर दिया संदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि लोक आस्था एवं सांस्कृतिक वैभव से समृद्ध क्रांति धरा बिहार राज्य के स्थापना दिवस की समस्त बिहार वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
यह भी पढ़ें : बॉक्स ऑफिस पर दो हीरो: धुरंधर 2 ने बनाए रिकॉर्ड, तो आदु 3 ने चुपके से मारी बाजी
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में सुशासन के सुपथ पर गतिमान बिहार समृद्धि एवं चहुंमुखी विकास के नए प्रतिमान स्थापित करे, माता जानकी एवं प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।
बिहार दिवस का ऐतिहासिक महत्व
बता दें कि 22 मार्च, 1912 को तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग होकर बिहार का गठन हुआ था। इसी ऐतिहासिक दिन को याद करते हुए हर साल 22 मार्च को बिहार दिवस के रूप में मनाया जाता है।
यह भी पढ़ें : Eid-ul-Fitr 2026: देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही ईद, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं
अन्य नेताओं ने भी दी बधाई
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के अन्य गणमान्य नेताओं ने भी जमकर बिहार की सराहना की।
- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य: उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से सुसज्जित बिहार राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
- उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक: उन्होंने कहा कि समस्त बिहारवासियों को बिहार स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि बिहार आज प्रगति व खुशहाली के पथ पर तेजी से अग्रसर है।
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी:उन्होंने बिहार की पावन भूमि की महिमा गाते हुए कहा कि वीरों, विद्वानों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की इस पावन भूमि ने सदियों से ज्ञान, साहित्य और आध्यात्मिकता की अनमोल धरोहर दुनिया को दी है।
बिहार दिवस के इस अवसर पर यूपी के शीर्ष नेताओं के बधाई संदेश से दोनों राज्यों के बीच भाईचारे और सद्भाव की भावना देखी गई।



























