वाराणसी से सीएम योगी ने शुरू किया ‘स्कूल चलो’ अभियान, शिक्षकों को दी खास जिम्मेदारी

यूपी सीएम योगी ने पुस्तकों का किया वितरण

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय से प्रदेशभर में ‘स्कूल चलो’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम योगी ने 2017 से पहले की जर्जर शिक्षा व्यवस्था और आज के बदले हालात के बीच तुलना करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ ने बच्चों में स्कूल जाने की जिज्ञासा को नई ऊंचाई दी है।

योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन सुबह पहले काशी विश्वनाथ और फिर कालभैरव मंदिर में विशेष पूजन-अर्चना की। इसके बाद वह सीधे शिवपुर पहुंचे, जहां उन्होंने इस विशाल अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर 5 निपुण विद्यालयों, 5 निपुण बच्चों और 5 नव प्रवेशी बच्चों को सम्मानित भी किया गया।

यह भी पढ़ें : Origin of Almanac: धार्मिक क्रियाओं के समय निश्चित करने के लिए हुई पंचांग की उत्पत्ति

2017 की याद और बदली तस्वीर

संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि मुझे याद है, 2017 से पहले जब मैं अलग-अलग जिलों गया था, तो बेसिक शिक्षा विभाग के भवनों की जर्जर हालत और बंदी के कगार पर खड़े स्कूलों को देखा था। एक स्कूल के प्रधानाचार्य ने कह दिया था कि बच्चों की संख्या 10 से कम रह गई है क्योंकि बच्चों में पढ़ने की रुचि नहीं है। तब मैंने पूछा था- क्या बच्चों को पढ़ने की रुचि नहीं है या आप लोगों को पढ़ाने की रुचि नहीं है?”

उन्होंने कहा कि आज तीन साल बाद स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। वह जर्जर स्कूल आज सुंदर बन गया है और उसमें 250 से अधिक बच्चे पढ़ रहे हैं। उस विद्यालय के प्रधानाचार्य का चयन राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए हुआ है।

नीति आयोग ने भी सराहा ‘कायाकल्प’

सीएम ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1.36 लाख से अधिक विद्यालयों को बुनियादी संसाधनों से युक्त किया गया है। इसका परिणाम यह है कि भारत सरकार के नीति आयोग ने भी देश में शिक्षा की सबसे सफल कहानी (सक्सेस स्टोरी) के रूप में उत्तर प्रदेश के कायाकल्प अभियान को स्थान दिया है।

पिछली सरकारों पर निशाना, कहा- ‘एजेंडे में थी नकल’

योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, “पहले सरकार के एजेंडे में शिक्षा नहीं, बल्कि नकल थी। गरीब और सामान्य बच्चों की चिंता नहीं थी। उनके लिए जरूरी था कि स्कूल में पढ़ाई न हो, भले ही बच्चों के भविष्य पर असर पड़े। इस ‘काम चलाओ’ व्यवस्था से समाज की उन्नति नहीं होती और राष्ट्र सशक्त नहीं होता।”

शिक्षकों को दी ये खास जिम्मेदारियां

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कई विशेष निर्देश दिए:

  • घर-घर जाएं शिक्षक: 15 अप्रैल तक हर शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक को इस अभियान से जोड़ना होगा। प्रधानाचार्य अभिभावकों की बैठक करें। यदि स्कूल 8 बजे खुलता है, तो शिक्षक 7 बजे गांव में जाकर अभिभावकों के घर दस्तक दें और बच्चों को स्कूल भेजने का आग्रह करें।
  • स्वयं बच्चों को दें उदाहरण: चित्रकूट के डीएम ने अपने बच्चों का एडमिशन आंगनबाड़ी में कराया, इसकी सराहना करते हुए योगी ने कहा कि शिक्षक भी अपने बच्चों को उसी सरकारी स्कूल में पढ़ाएं जहां वे पढ़ाते हैं। इससे वातावरण स्वस्थ होगा और कांवेंट या केंद्रीय विद्यालयों जैसा माहौल बनेगा।
  • जुलाई की तैयारी: 15 से 30 अप्रैल के बीच अभिभावकों से मिलकर यूनिफॉर्म और जूते की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जुलाई में स्कूल खुलने से 5 दिन पहले स्कूलों की सफाई कराएं और 15 जुलाई तक हर बच्चे को नियमित पाठ्यक्रम से जोड़ें।

शिक्षकों के लिए बड़ी घोषणाएं

सीएम ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारित करके राष्ट्र का भविष्य गढ़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के साथ है।

  • शिक्षकों का मानदेय बढ़ाकर 17,000 और शिक्षामित्रों का 18,000 रुपये किया गया है।
  • सभी शिक्षकों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है।

बेटियों की शिक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर कक्षा 6 में प्रवेश तक की हर स्टेज पर सरकार उसके खाते में धनराशि भेज रही है। अब तक प्रदेश में 25 लाख बेटियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।

यह भी पढ़ें : राघव चड्ढा की ‘खामोशी’ बनी विवाद की जड़

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now