संध्या समय न्यूज
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi) ने कहा है कि जब पूरी दुनिया युद्ध, भय और अस्थिरता की आग में जल रही है, वहीं भारत देश राम राज्य का सुखद अनुभव कर रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के बीच भारत में शांति और व्यवस्था का माहौल है, जो देश की संस्कृति और नेतृत्व की सफलता को दर्शाता है।
राष्ट्रपति की मौजूदगी में हुआ ऐतिहासिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी (UP CM Yogi) यह बातें अयोध्या में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कह रहे थे, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में राम मंदिर में 150 किलो सोने से मढ़े गए ‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना की गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी भी उपस्थित रहीं।
वैश्विक अराजकता और भारतीय स्थिरता का तुलनात्मक दृश्य
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी (UP CM Yogi) ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध चल रहे हैं। वहां अव्यवस्था, आर्थिक संकट और आतंक का माहौल है। इसके विपरीत, भारत में खासकर अयोध्या धाम में, लोग बिना किसी डर के हजारों की संख्या में एकत्र होकर अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम यंत्र की स्थापना के इस कार्यक्रम में शामिल होकर लोग सच्चे राम राज्य का अनुभव कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : Chaitra Navratri 2026: नवरात्र में इन शक्तिशाली मंत्रों से पाएं धन, विद्या और मोक्ष
‘आस्था को अंधविश्वास कहने वालों को जवाब’
मुख्यमंत्री योगी (UP CM Yogi) ने अपने भाषण में एक राजनीतिक संदेश भी दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आस्था को ‘अंधविश्वास’ कहकर खारिज किया जाता था, जबकि राजनीतिक कार्यों पर इस तरह के सवाल नहीं उठाए जाते थे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी सदियों पुरानी आस्था ने लंबा संघर्ष किया और अंत में विजय प्राप्त की।
मोदी सरकार के ऐतिहासिक कार्यों को सलाम
मुख्यमंत्री योगी (UP CM Yogi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने गिनाया, भूमि पूजन, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, राम दरबार की स्थापना और अब श्री राम यंत्र की स्थापना जैसे कार्यक्रम देश की गहरी आस्था को दर्शाते हैं।
156 करोड़ श्रद्धालुओं ने दिखाई आस्था की ताकत
मुख्यमंत्री योगी (UP CM Yogi) ने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर लगभग 156 करोड़ लोगों ने दर्शन किए। अयोध्या, काशी, प्रयागराज और मथुरा-वृंदावन में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई देशों की आबादी से भी ज्यादा रही, जो भारत की एकता और श्रेष्ठता को दर्शाता है।
संतों और शिल्पकारों को श्रेय
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी (UP CM Yogi) ने मंदिर निर्माण से जुड़े संतों, शिल्पकारों और श्रमिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उन लोगों को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने इस आंदोलन में अपने प्राण गंवाए, जिनमें स्वर्गीय अशोक सिंघल भी शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने किया। उन्होंने भारतीय नववर्ष की शुरुआत पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब लोग नए साल पर परिवार के साथ ऐसे स्थानों पर जाना पसंद कर रहे हैं जो सनातन मूल्यों के अनुरूप हैं।



























