Rule Change From 1st April: मार्च का महीना खत्म होने वाला है और नए वित्तीय वर्ष (Financial Year 2026) की शुरुआत होने में अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं। 1 अप्रैल से देश में कई ऐसे बड़े नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम नागरिक की जेब पर पड़ेगा। खाना पकाने से लेकर ट्रेन सफर और बैंकिंग तक, हर छोटी-बड़ी जरूरत पर नए नियमों का असर दिखेगा। आइए जानते हैं वो 5 बड़े बदलाव जो 1 अप्रैल से आपकी जिंदगी को प्रभावित करेंगे।
1. LPG सिलेंडर और पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव
हर महीने की तरह 1 अप्रैल को भी एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में बदलाव की संभावना है। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और तेल संकट के चलते पहले ही एलपीजी किल्लत की स्थिति बनी हुई है। इसके असर के तौर पर तेल कंपनियां कीमतों में इजाफा कर सकती हैं। वहीं, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) और सीएनजी-पीएनजी (CNG-PNG) के दामों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे हवाई सफर और घरेलू गैस के खर्चे पर असर पड़ सकता है।
2. नया आयकर कानून और फॉर्म 16 में बदलाव
सबसे बड़ा बदलाव आयकर (Income Tax) के क्षेत्र में होने जा रहा है। 1 अप्रैल, 2026 से देश में ‘न्यू इनकम टैक्स एक्ट’ (New Income Tax Act) लागू हो जाएगा, जो 1961 से चले आ रहे पुराने कानून की जगह लेगा। इसके तहत सैलरीड इंप्लॉइज को मिलने वाले फॉर्म 16 में बड़ा बदलाव होगा। अब आपको पुराना फॉर्म 16 नहीं, बल्कि एक नया फॉर्म मिलेगा। वहीं, फॉर्म 16A का नाम बदलकर ‘फॉर्म 131’ कर दिया जाएगा। सरकार का मकसद कानूनों को आसान बनाना और टैक्सपेयर्स का बोझ कम करना है।

यह भी पढ़ें : हरीश राणा का अंतिम संस्कार, परिवार ने किया अंगदान
3. HDFC, PNB और बंधन बैंक के ATM नियमों में बदलाव
अगर आपका खाता HDFC, PNB या बंधन बैंक में है, तो आपको एटीएम (ATM) का इस्तेमाल करने के नियमों को लेकर सावधान रहने की जरूरत होगी।
- HDFC बैंक: अब एटीएम से यूपीआई (UPI) से निकासी भी फ्री लेनदेन लिमिट में गिनी जाएगी। लिमिट पार होने पर हर ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये चार्ज लगेगा।
- PNB: कुछ डेबिट कार्ड्स के लिए डेली ट्रांजैक्शन लिमिट घटाई जा रही है। अब ग्राहक रोजाना 50,000 से 75,000 रुपये तक ही निकाल सकेंगे, जो पहले 1 लाख रुपये थी।
- बंधन बैंक: महानगरों में फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या घटकर 3 और अन्य जगहों पर 5 रह जाएगी। साथ ही, अगर खाते में पैसे नहीं होने पर भी एटीएम का इस्तेमाल किया गया, तो 25 रुपये की पेनल्टी लगेगी।
4. PAN कार्ड बनवाने के नियम होंगे सख्त
पैन कार्ड (PAN Card) से जुड़े नियम भी 1 अप्रैल से सख्त हो जाएंगे। अब सिर्फ आधार कार्ड (Aadhaar Card) के आधार पर पैन कार्ड नहीं बन पाएगा। आवेदकों को अन्य डॉक्यूमेंट्स भी सबमिट करने होंगे। जो लोग अपना पैन अपडेट करवा रहे हैं या उनके आवेदन पेंडिंग हैं, उन्हें नए नियम लागू होने से पहले अपना काम निपटा लेना चाहिए।
5. रेलवे टिकट कैंसिलेशन के नए नियम
ट्रेन से सफर करने वालों के लिए भी झटका देने वाली खबर है। 1 अप्रैल से कन्फर्म टिकट कैंसिल करने पर ज्यादा पैसे खर्च होंगे। अब ट्रेन के छूटने से 8 घंटे पहले कोई रिफंड नहीं मिलेगा (पहले यह समय 4 घंटे था)।
- 8 से 24 घंटे पहले कैंसिलेशन: 50% रिफंड।
- 24 से 72 घंटे पहले कैंसिलेशन: 25% कटौती।
- 72 घंटे से ज्यादा समय पहले कैंसिलेशन: सबसे ज्यादा रिफंड मिलेगा।



















