संध्या समय न्यूज
फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित कालका केमिकल फैक्ट्री में अचानक हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। विस्फोट के कारण फैक्ट्री में लगी आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें फैक्ट्री की दीवारें पार कर सड़क तक पहुंच गईं। हादसे में कम से कम 35 लोग झुलस गए, जिनमें 5 पुलिस और दमकलकर्मी भी शामिल हैं।
ऐसे हुआ अचानक विस्फोट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में मेटल शीट कटिंग का काम होता है और इसमें CNC मशीनें लगी हैं। शाम के समय जब कर्मचारी काम में व्यस्त थे, तभी फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रम में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद कई और ड्रम फटते चले गए, जिससे आग तेजी से फैल गई और सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी जल गईं।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रारंभ में दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए कुल 12 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। फैक्ट्री और आसपास के इलाके को खाली कराकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
पुलिस और दमकलकर्मी भी प्रभावित
बता दें कि बचाव के दौरान दो पुलिसकर्मी और तीन दमकलकर्मी भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए। प्रशासन ने युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाकर आग को फैलने से रोक लिया।
India-Pak मैच पर पवन सिंह का प्रचंड बयान
अस्पतालों में इमरजेंसी
बता दें कि घायलों को तुरंत सिविल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फरीदाबाद के **चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉ. जयंत आहूजा ने पुष्टि की कि अब तक 35 लोग झुलस गए हैं। सरकारी अस्पताल में 12 घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि बाकी निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति के मद्देनजर सभी डॉक्टरों को बुला लिया है और बेड खाली कराए गए हैं।
























