Delhi News: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हिमालई राज्यों उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश तक कई इलाकों में तूफानी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बुधवार (13 मई) को कई राज्यों में हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसे देखते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली: आंधी-पानी के बाद बढ़ेगी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम अलग-अलग रंग दिखाने वाला है। आईएमडी ने बताया कि आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, 14 मई से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा और अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इसके बाद लगातार पारा बढ़ेगा और 17 मई तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, इटावा, फर्रुखाबाद और बिजनौर में तूफानी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मैनपुरी, हरदोई, झांसी और ललितपुर में भी मौसम विभाग सतर्क है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के साथ-साथ कानपुर, बाराबंकी, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और देवरिया में भी अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं
बिहार में भी मौसम के बिगड़ने के आसार हैं। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, गोपालगंज, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है, जिससे फसलों और ढांचों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।
पहाड़ी राज्यों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। 13-14 मई को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बादलों की गरज के साथ बिजली चमकने और ओले पड़ने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों के लिए भी येलो अलर्ट जारी है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। यहां 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। अधिकतर इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने का अनुमान है।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक कामों के लिए ही घरों से बाहर निकलें और आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
























