संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। सेक्टर 29 स्थित शहीद स्मारक उद्यान ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट देखरेख और खूबसूरत हरियाली के लिए खास पहचान बनाई है। फ्लोरीकल्चर सोसायटी, नोएडा द्वारा आयोजित उद्यान प्रतियोगिता में शहीद स्मारक उद्यान, सेक्टर 29 को सर्वश्रेष्ठ रखरखाव वाले उद्यान के रूप में चुना गया।
इस उपलब्धि के लिए प्रथम पुरस्कार वंदना त्रिपाठी, एसीईओ, नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर 33ए स्थित शिवालिक पार्क में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी ‘वसंत उत्सव’ के दौरान प्रदान किया गया।
खास बात यह है कि शहीद स्मारक उद्यान लगातार 21 वर्षों से सर्वश्रेष्ठ रखरखाव वाले उद्यान का पुरस्कार हासिल करता आ रहा है। यह उपलब्धि उद्यान के बेहतर रखरखाव, साफ-सफाई, हरियाली और सौंदर्यीकरण के प्रति निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
शहीद स्मारक उद्यान का महत्व केवल इसकी हरियाली और सुंदरता तक सीमित नहीं है। शहीद स्मारक गौतमबुद्ध नगर के 42 शहीदों को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है। इसलिए यह स्थान शहर के लोगों के लिए पर्यावरण और सौंदर्य के साथ-साथ देशभक्ति और शहीदों की स्मृति से भी जुड़ा हुआ है।
लगातार 21 वर्षों तक सर्वश्रेष्ठ रखरखाव वाले उद्यान का सम्मान मिलना शहीद स्मारक उद्यान सेक्टर 29 की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और नोएडा में उद्यानों के बेहतर रखरखाव की दिशा में एक मिसाल भी है।
























