संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात की। यह मुलाकात उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस दौरान गौतमबुद्ध नगर लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि इस बार गौतमबुद्ध नगर लोकसभा चुनाव काफी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण रही और गौतमबुद्ध नगर का चुनाव पूरे देश में एक मिसाल बना।
विकास जैन ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के सांसद ने सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन का आभार भी जताया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सभी लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ आम जनता और विभिन्न संगठनों के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकी।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि इस बार हाईराइज सोसायटियों में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी देखने को मिली। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों की बढ़ती भागीदारी से जोड़कर देखा।
मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और कई व्यापारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर नवनीत गुप्ता, निखिल अग्रवाल, सचिन गोयल, शिवा चौहान और रवि शर्मा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रशासन और मतदाताओं के सहयोग से चुनाव के दौरान बनी शांतिपूर्ण व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया।

























