Delhi High Court: दिल्ली हाई कोर्ट में ऑनलाइन सुनवाई के दौरान एक सनसनीखेज और शर्मनाक घटना सामने आई है। मुख्य न्यायाधीश की अदालत में वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए सुनवाई चल रही थी, तभी अचानक कथित तौर पर बार-बार अश्लील (पोर्न) वीडियो प्ले होने लगे। इस घटना के बाद अदालत प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल सिस्टम को बंद कर दिया गया।
यूजर्स के अकाउंट से चला अश्लील कंटेंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मामले की सुनवाई के दौरान अचानक स्क्रीन पर अश्लील कंटेंट आने लगा। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वीडियो वीसी सिस्टम में लॉग इन दो यूजर्स—श्रीधर सरनोबत और शीतजीत सिंह के अकाउंट से ब्रॉडकास्ट हो रहा था। (हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये अकाउंट खुद हैकर्स के थे या उनके आईडी का दुरुपयोग किया गया)। वीडियो दिखते ही तकनीकी टीम ने एहतियातन वीसी सिस्टम को डिस्कनेक्ट कर दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
‘यह अमेरिका से किया गया हैक है’ – सुनाई दी ऑटोमेटेड आवाज़
इसके बाद भी हालात नॉर्मल नहीं हुए। कुछ देर बाद जब वीसी लिंक को दोबारा एक्टिव किया गया, तो फिर से पोर्न वीडियो स्क्रीन पर आने लगे। इस दौरान बैकग्राउंड में एक ऑटोमेटेड (रोबोटिक) वॉयस मैसेज सुनाई दिया। इस मैसेज में कहा गया कि यह अमेरिका से किया गया हैक है। मीटिंग को अभी बंद कर दीजिए और दोबारा इसे ऑन मत करना। आपको हैक कर लिया गया है। इस चेतावनी के बाद वीसी सिस्टम को तुरंत और पूरी तरह से बंद कर दिया गया, जिसे अब तक दोबारा शुरू नहीं किया गया है।
दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने संभाली जांच
इस पूरे प्रकरण को लेकर साइबर अटैक (Cyber Attack) की आशंका को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक पर हुए इस संभावित साइबर हमले की जांच दिल्ली पुलिस की ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस’ (IFSO) यूनिट को सौंप दी गई है। पुलिस की साइबर सेल हैकर के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने और इसके पीछे की साजिश को उजागर करने में जुट गई है।
























