संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित एवियर कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन परिसर में नोएडा के सबसे बड़े करियर कार्निवल ‘उड़ान’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की डायरेक्टर कनिका सिंह और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमरेश सिंह ने किया। इस अवसर पर इस वर्ष इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कॉलरशिप परीक्षा और प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाया दम
नोएडा करियर कार्निवल उड़ान के तहत स्कॉलरशिप परीक्षा, ड्राइंग प्रतियोगिता और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
स्कॉलरशिप परीक्षा में योगेश नेलवाल ने प्रथम, शिखा ने द्वितीय और अभिनव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ड्राइंग प्रतियोगिता में खुशी शर्मा प्रथम, प्रियांशी द्वितीय और चांदनी तृतीय स्थान पर रहीं।
खेल प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैरम प्रतियोगिता में आदित्य सिंह, अमन कुमार और विवेक सिंह विजेता रहे। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में विवेक, मोहम्मद जुबेर और विवेक रावत ने विजेता बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विजेताओं को कैश प्राइज और आकर्षक उपहार
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः 5100 रुपये, 3100 रुपये और 2100 रुपये का कैश प्राइज प्रदान किया गया। इसके साथ ही विजेताओं को मोबाइल फोन, नॉन-स्टिक बर्तन, मिक्सर ग्राइंडर, सैंडविच मेकर, आयरन सहित कई आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर छात्रों का उत्साह और भी बढ़ गया।
युवाओं को सपनों की ओर बढ़ाने का प्रयास है ‘उड़ान’
इस अवसर पर एवियर कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन के चेयरमैन संदीप सिंह ने कहा कि ‘उड़ान’ केवल एक इवेंट नहीं, बल्कि युवाओं को उनके सपनों की ओर आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। कॉलेज का उद्देश्य छात्रों को बेहतर करियर अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ उनके भीतर आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे बेहतर मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
स्कूल और कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने एवियर कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन की इस पहल की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. अभिषेक स्वामी सहित कॉलेज की सभी फैकल्टी उपस्थित रहीं। आयोजन ने छात्रों को शिक्षा, करियर और प्रतियोगिता के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक प्रभावी मंच प्रदान किया।

























