Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कादीपुर इलाके में एक ट्रक चालक ने 27 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से मानसिक रूप से आहत और बेहद डरी हुई पीड़िता ने पास ही पड़ी किसी नुकीली वस्तु से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, तत्काल इलाज के चलते युवती की जान बच गई और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कैसे घटी वारदात?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे की यह घटना कादीपुर के इंडस्ट्रियल एरिया की है। पीड़िता असम के गुवाहाटी की रहने वाली है और कई महीनों से गुरुग्राम में रहकर मजदूरी (श्रमिक का काम) कर अपना जीवनयापन कर रही थी। रात के समय वह इंडस्ट्रियल एरिया में घूम रही थी, तभी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक चालक से उसकी बातचीत हो गई।
बातचीत के दौरान आरोपी चालक ने युवती को झांसे में लेकर ट्रक के केबिन में बिठा लिया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो दबंग चालक ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंची पीड़िता
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक युवती को सड़क किनारे फेंककर ट्रक लेकर फरार हो गया। इस पूरी घटना से क्षुब्ध और आहत युवती ने पास ही पड़ी किसी नुकीली चीज से अपने गले पर हमला कर दिया, जिससे गले से खून बहने लगा।
वहां से गुजर रहे राहगीरों ने खून से लथपथ युवती को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इमरजेंसी में गुरुग्राम के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है।
पुलिस ने की जांच शुरू, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सेक्टर 10ए थाना पुलिस ने मामले को संजीदगी से लेते हुए युवती के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती का इलाज जारी है और जैसे ही उसकी हालत में सुधार होगा, उसका मजिस्ट्रेट के सामने सेक्शन 164 के तहत बयान कराया जाएगा। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी ट्रक ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
























