संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल में फाउंडर्स ट्रॉफी इंटर हाउस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का शुभारंभ विद्यालय के फाउंडर गौतम दासगुप्ता ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और पूरे उत्साह के साथ खेल में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
चारों हाउस के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
इस इंटर हाउस टूर्नामेंट में विद्यालय के चारों हाउस शक्ति, श्रद्धा, विश्वास एवं सत्य हाउस ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने खेल भावना और पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाने के लिए पूरे दमखम के साथ मुकाबला किया।
फाउंडर्स ट्रॉफी इंटर हाउस टूर्नामेंट के तहत शतरंज, टेबल टेनिस और योगासन खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट के दौरान आज सभी खेलों के मुकाबले सेमीफाइनल चरण तक खेले गए। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत लगा दी।
निदेशिका अपराजिता दासगुप्ता ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
विद्यालय की निदेशिका अपराजिता दासगुप्ता ने फाइनल मुकाबले में पहुंचने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें आगामी मुकाबलों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल का फाउंडर्स ट्रॉफी इंटर हाउस टूर्नामेंट विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रतियोगिता के आगामी फाइनल मुकाबलों को लेकर विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

























