Delhi News: दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त कराने की दिशा में किए गए प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिलने लगी है। विज्ञान भवन में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में आयोजित ‘स्वच्छ भारत मिशन’ (शहरी 2.0) की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक में दिल्ली का लैंडफिल साइट रेमेडिएशन (कचरा निपटान) मॉडल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
इस बैठक में दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली में कचरा प्रबंधन और लैंडफिल साइटों की स्थिति में आए क्रांतिकारी बदलावों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। मंत्री ने बताया कि सरकार के ठोस प्रयासों की बदौलत अब तक ओखला, भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइटों से कुल 255.03 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का बायो-माइनिंग के जरिए सफल निपटान किया जा चुका है। इस अभियान से दिल्ली में लगभग 75 एकड़ बहुमूल्य भूमि को डंपयार्ड के चंगुल से मुक्त कराकर दोबारा उपयोगी बनाया गया है।
पिछली सरकार व्यवस्था पर तीखा प्रहार
केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के सामने आंकड़े रखते हुए आशीष सूद ने पिछली सरकार व्यवस्था की सुस्ती पर निशाना साधा और कहा कि पूर्ववर्ती प्रशासनिक व्यवस्थाओं के दौरान कचरा निपटान की गति बेहद निराशाजनक थी। साल 2022-23 में पूरे वर्ष भर महज 21.9 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण हो सका था। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते केवल वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ही रिकॉर्ड 74.11 लाख मीट्रिक टन कचरे का निपटान किया गया है।
तीन गुना बढ़ी कचरा प्रसंस्करण की क्षमता
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने तकनीकी सुधारों और संसाधनों में बढ़ोतरी की जानकारी साझा करते हुए बताया कि दिल्ली की वेस्ट प्रोसेसिंग क्षमता में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है। साल 2022-23 में जहां प्रतिदिन लगभग 6,000 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण होता था, वहीं अब 2025-26 में यह क्षमता बढ़कर लगभग 20,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन पहुंच चुकी है। इसके लिए तीनों लैंडफिल साइटों पर कचरा अलग करने वाली ट्रॉमल (Trommel) मशीनों की संख्या बढ़ाकर 70 कर दी गई है, जो अब डबल शिफ्ट में चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। ओखला और भलस्वा लैंडफिल साइटों पर पुराने कचरे में 82 प्रतिशत तक की भारी कमी दर्ज की जा चुकी है।
स्वच्छ भारत मिशन–अर्बन 2.0 की नेशनल रिव्यू मीटिंग का दूसरा दिन।
माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @mlkhattar जी की अध्यक्षता में स्वच्छता, सतत शहरी विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।@blsanthosh pic.twitter.com/zUCeeqjwob
— Ashish Sood (@ashishsood_bjp) May 20, 2026
अक्टूबर तक चालू होंगी 5 नई अत्याधुनिक सुविधाएं
भविष्य की योजनाओं का खाका खींचते हुए मंत्री आशीष सूद ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ओखला, भलस्वा, सिंगोला, नरेला-बवाना और गाजीपुर में खाली कराई गई लैंडफिल भूमि पर पांच नए ‘इंटीग्रेटेड फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट’ स्थापित कर रही है। इन नए संयंत्रों की कुल क्षमता 5,900 मीट्रिक टन प्रतिदिन होगी। सरकार ने इन सभी अत्याधुनिक सुविधाओं को आगामी 2 अक्टूबर तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे दिल्ली को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी।



























