Gautam Buddha Nagar (Noida) News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आगामी 21 अगस्त से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘समाधान समारोह’ विशेष लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पराविधिक स्वयं सेवकों (PLV) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी विशेष लोक अदालत की व्यापक सफलता के लिए रणनीति बनाई गई। सचिव शिवानी रावत ने बैठक को संबोधित करते हुए उपस्थित पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जन-जागरूकता पर विशेष जोर
बैठक के दौरान सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘समाधान समारोह’ का उद्देश्य लंबित मामलों का निस्तारण करना है, जिसके लिए जनसामान्य के बीच इसका व्यापक प्रचार-प्रसार अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पीएलवी गण जन-सामान्य को लोक अदालत के फायदों से अवगत कराएं ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और अपने मामलों का स्थायी समाधान पा सकें।
नोटिस तामीला की कराई गई जिम्मेदारी
सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि विशेष लोक अदालत के लिए जिन मामलों को चिन्हित किया गया है, उनमें संबंधित पक्षकारों को नोटिस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की तामीला समय से सुनिश्चित कराई जाए। इससे सुनवाई की प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी और अधिकतम मामलों का निपटारा हो सकेगा।
इस अवसर पर पराविधिक स्वयं सेवकों में बालचंद नागर, राजवीर सिंह, हरेंद्र कुमार, हेमलता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने विशेष लोक अदालत की सफलता के लिए पूर्ण समर्पण का भरोसा दिलाया।
























