Noida News: राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आम जनमानस को डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए और ‘क्या करें और क्या न करें’ की जानकारी देकर लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “Community Participation Dengue Control: Check, Clean and Cover” (डेंगू नियंत्रण के लिए जन भागीदारी: जांच करें, सफाई करें और ढकें) रखी गई है। उन्होंने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर द्वारा फैलने वाला रोग है तथा यह मच्छर साफ पानी में प्रजनन करता है, इसलिए सफाई ही बचाव की पहली कुंजी है।
बरौला में विशेष अभियान और स्कूल में जागरूकता
जिला मलेरिया अधिकारी टीम, पाथ रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. अफिरा मंजूर एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौला द्वारा स्वास्थ्य केंद्र पर आशाओं के साथ संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें डेंगू से बचाव और साफ-सफाई की शपथ दिलाई गई। इसके बाद ग्राम बरौला की गली संख्या-02 में विशेष अभियान चलाकर 41 घरों का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में ग्रीन फील्ड मॉर्डन पब्लिक स्कूल, बरौला में बच्चों को डेंगू के प्रति जागरूक किया गया। पोस्टर और हैंडबिल के माध्यम से लोगों को अपने घर के आसपास पानी एकत्र न होने देने की हिदायत दी गई। नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा रुके हुए जल जमाव में एंटी लार्वीसाइड का छिड़काव भी किया गया।
सेक्टर-65 स्थित फैक्ट्री में 350 श्रमिक हुए जागरूक
साहू इंटरनेशनल अटायर प्राइवेट लिमिटेड सेक्टर 65 नोएडा में मलेरिया अधिकारी टीम द्वारा श्रमिकों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में लगभग 350 श्रमिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा, डॉ. अफिरा मंजूर, डॉ. संजीव कुमार, चिकित्सा अधिकारी दिनेश कुमार और मलेरिया निरीक्षक द्वारा पोस्टर वितरण कर लोगों को जागरूक किया गया।
दादरी और क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में रैली और गोष्ठी
नगर पालिका एवं नगर पंचायत दादरी में भी कर्मचारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर हैंडबिल और पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। दादरी क्षेत्र में आशाओं के साथ स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने गोष्ठी कर लोगों को जागरूक किया।
इसी प्रकार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानीगढ़ी, जेवर एवं ग्राम कानीगढ़ी में स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों और आशाओं द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसरख में भी आशाओं द्वारा डेंगू दिवस मनाते हुए प्रचार किया गया। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डाढा में डेंगू दिवस रैली निकालकर मनाया गया, जिसमें आशाओं, एएनएम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एवं चिकित्सा अधीक्षक द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करते हुए हैंडबिल वितरित किए गए।
डेंगू बचाव के लिए ‘क्या करें और क्या न करें’:
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार:
- घरों में: कूलर, फ्रिज की ट्रे, पक्षियों के पानी के पात्र, ड्रम एवं अन्य पानी भरे बर्तनों को सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें और साफ करें।
- जल जमाव: अपने घर के आसपास कहीं भी पानी एकत्र न होने दें।
- उपाय: यदि कहीं पानी जमा है और उसे हटाना संभव न हो, तो उसमें मोबिल ऑयल डालें।
- जागरूकता: डेंगू बुखार के लक्षणों के बारे में जानकारी रखें और बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।























