योगी ने खोला मोदी के 25 साल का पूरा सेवा प्लान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'हेड ऑफ द स्टेट' के रूप में 25 वर्ष पूरे करते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री पद से शुरू होकर देश के प्रधानमंत्री पद तक का यह सफर 2001 में तय करना शुरू हुआ था।

मोदी के 25 साल पूरे, यूपी में महीनेभर चलेगा सेवा अभियान

HIGHLIGHTS

  • 17 सितंबर से यूपी में बजेगा सेवा का शंखनाद, जानिए प्लान
  • मोदी के 25 साल: हर बूथ पर जलेगा आशीर्वाद दीया
  • मोदी की 25 साल की यात्रा, यूपी में ऐसे मनेगा जश्न
  • हर घर पहुंचेगा मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड, जानिए अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भाजपा केवल जश्न की नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प के रूप में मनाने जा रही है। उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के नाम से एक महीने लंबा विशाल जन-संपर्क अभियान चलेगा।

इसकी पूरी रूपरेखा शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ साझा की। इस मौके पर सीएम योगी ने पीएम मोदी के नेतृत्व में हासिल उपलब्धियों का लेखा-जोखा भी पेश किया।

सरकार और संगठन ने साझे से बनाई कार्ययोजना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘हेड ऑफ द स्टेट’ के रूप में 25 वर्ष पूरे करते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री पद से शुरू होकर देश के प्रधानमंत्री पद तक का यह सफर 2001 में तय करना शुरू हुआ था।

इस ऐतिहासिक उपलक्ष्य में पार्टी और सरकार ने मिलकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। सीएम ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पीएम मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम पायदान तक पहुंचाना है।

17 सितंबर को हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद दीया’

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत प्रदेश के हर बूथ से होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवार ‘आशीर्वाद दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त करेंगे। कार्यकर्ता इस अवसर पर घर-घर पहुंचकर जनता की समस्याएं भी नोट करेंगे और उनके समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे। यही नहीं, अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, पौधरोपण और स्वास्थ्य जांच जैसे सेवा कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

स्कूल-कॉलेजों में युवाओं से जुड़ेगा अभियान

सीएम योगी ने कहा कि अभियान का एक अहम हिस्सा युवाओं तक पहुंचने का है। स्कूलों और कॉलेजों में निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद, क्विज और अन्य प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों को विकास की कहानी से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के बदलाव की प्रक्रिया से जोड़ना है।

‘वंशवाद से नहीं, साधना और तप से आगे बढ़े मोदी’

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ कोई वंश परंपरा नहीं जुड़ी थी, लेकिन उनके अंदर साधना, तप और देश के लिए कुछ कर गुजरने की तीव्र चाहत थी। आज उसी साधना और तप का फल पूरा देश भोग रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पीएम मोदी ने देश को जो नेतृत्व प्रदान किया और इससे पहले 13 वर्षों तक गुजरात को दिया गया कुशल नेतृत्व, दोनों अतुलनीय हैं।

सूखे से जूझते गुजरात को बनाया देश का विकास मॉडल

गुजरात के मुख्यमंत्री काल का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिस राज्य को भीषण सूखे, पेयजल संकट और कनेक्टिविटी की बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, वहां सरदार सरोवर परियोजना वर्षों से लंबित पड़ी थी। पीएम मोदी ने उस परियोजना को पूरा कर गुजरात को न केवल कल्याणकारी राज्य के रूप में खड़ा किया, बल्कि पूरे देश के सामने एक प्रभावी विकास मॉडल के रूप में भी प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि मोदी की कोई भी योजना कागज या फाइलों तक सीमित नहीं रही। हर परियोजना का धरातल तक सफल क्रियान्वयन हुआ और उसके परिणाम पूरे देश तथा दुनिया ने देखे। योजनाओं का लाभ देश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना ही इस सरकार की पहचान बन गई है।

500 साल की प्रतीक्षा के बाद राम मंदिर

सीएम योगी के अनुसार 2014 के बाद भारत का तेजी से उभार हुआ है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है, जो सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विकास, जनकल्याण और संस्कृति के क्षेत्र में मिली नई गति का नतीजा है कि आज भारत न गरीब देश है, न पिछड़ा हुआ राष्ट्र। दुनिया में भारत अब एक वैश्विक ताकत के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

जन सेवा ही प्रभु सेवा का मूल भाव’: पंकज चौधरी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संवैधानिक प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष 7 अक्टूबर को पूर्ण होंगे। इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन सेवा ही प्रभु सेवा का मूल भाव है और इसी भावना के साथ पार्टी कार्यकर्ता इस पखवाड़े में समर्पित होंगे।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now