संध्या समय न्यूज
राजधानी दिल्ली के सरिता विहार क्षेत्र के आली विहार इलाके में सामने आए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने 5 दिन बाद पर्दाफाश कर दिया है। बेड बॉक्स में मिली मां-बेटी की लाशों का राज खुलते ही पुलिस को आरोपी का पता लग गया, जो कि उनका ही पड़ोसी निकला। आरोपी को पुलिस ने बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार कर लिया है।
कमरे में बिखरा सामान, बेड बॉक्स में थी लाश
मृतका की पहचान 35 वर्षीय ज्योति और उसकी 6 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति सुदर्शन के साथ आली विहार के एक मकान की तीसरी मंजिल पर रहती थी। 20 फरवरी की शाम जब सुदर्शन घर पहुंचे, तो पत्नी और बेटी वहां मौजूद नहीं थीं। कमरे में सामान बिखरा हुआ देख उन्हें शक हुआ। जब बेड के बॉक्स को खोला गया, तो अंदर मां-बेटी की लाश देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी।
विजय-रश्मिका की शादी को लेकर सुरक्षा का गठियाया घेरा
पुलिस को मिला सुराग, पड़ोसी बना आरोपी
जांच के दौरान पुलिस की नजर उसी बिल्डिंग में रहने वाले 35 वर्षीय दीनदयाल पर पड़ी। दीनदयाल पेशे से अकाउंटेंट है और रिश्ते में मृतका का भांजा भी बताया जाता है। घटना के बाद वह फरार हो गया था और उसका मोबाइल फोन भी बंद पड़ रहा था, जिससे पुलिस को शक और गहरा गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की।
अवैध संबंध और ‘पजेसिव’ व्यवहार ने दिलाई मौत
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतका के बीच करीबी संबंध थे। सूत्रों का कहना है कि महिला के कथित तौर पर ज्यादा ‘पजेसिव’ (दबंग) व्यवहार से दीनदयाल परेशान था और इसे लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। कथित तौर पर इसी नाराजगी के चलते उसने गुस्से में आकर पहले महिला की और फिर मासूम बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने दोनों शवों को बेड बॉक्स में छिपाकर मौके से फरार होने का रास्ता अपनाया।
हरिद्वार और दरभंगा का किया सफर
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी सीधे हरिद्वार भाग गया, जहां वह करीब दो दिन तक छिपा रहा। वहां से वह अपने पैतृक गांव बिहार के दरभंगा पहुंच गया। हालांकि, पुलिस उसके पीछे पड़ी रही और आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में कामयाब रही। अब आरोपी को दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे सख्त पूछताछ के बाद यह पता लगाया जाएगा कि यह हत्या पहले से रची गई साजिश थी या अचानक किए गए फैसले का नतीजा।

























