संध्या समय न्यूज
साउथ सिनेमा के सबसे चर्चित कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी ने आम जनता के साथ-साथ मीडिया को भी हैरान कर दिया है। अन्य सेलिब्रिटी शादियों के विपरीत, इस कपल ने अपनी शादी को बेहद प्राइवेट और सीक्रेट रखने का फैसला किया है। खबरों के मुताबिक, इस शादी में महज 50 खास मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है। इस बात ने सबको चौंका दिया है कि इस ग्रैंड अवसर पर बॉलीवुड या साउथ इंडस्ट्री के किसी भी बड़े सितारे को बुलावा नहीं दिया गया है।
अरावली की गोद में बजी शादी की घंटियां
शादी का आयोजन उदयपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर अरावली की पहाड़ियों के बीच बसे ‘आईटीसी मोमेंटोस’ होटल में हो रहा है। यह लोकेशन पूरी तरह से पब्लिक की नजरों से दूर है, जिससे कपल की प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा जा सके। होटल में मौजूद प्राइवेट विला, झील और हेलीपैड की वजह से यह जगह और भी एक्सक्लूसिव बन गई है। बताया जा रहा है कि यह तीन दिन तक चलने वाला समारोह होगा, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और बहुत करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शादी को लीक होने से बचाने के लिए प्रशासन और होटल प्रबंधन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उदयपुर एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा का घेरा कस दिया गया है, जहां से मेहमानों का आगमन लगातार जारी है। फिल्मी सितारों की मौजूदगी तो न के बराबर बताई जा रही है, लेकिन कुछ खास मेहमानों में तेलंगाना के कुछ राजनेताओं और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े करीबी लोगों के पहुंचने की संभावना है।























