संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में कैब में छूटे ज्वैलरी और नकदी से भरे बैग को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर उसकी स्वामिनी को सुरक्षित वापस सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महिला और उसके परिजनों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को एक आवेदक ने थाना सेक्टर-49 पुलिस को सूचना दी कि वह अपनी पत्नी के साथ गौर सिटी से कैब के जरिए सेक्टर-48, नोएडा आ रहा था। सेक्टर-48 में कैब से उतरते समय उसकी पत्नी का बैग कैब में ही छूट गया।
बताया गया कि बैग में ज्वैलरी और नकदी रखी हुई थी। बैग कैब में छूटने का पता चलने के बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
CCTV और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से कैब चालक की तलाश
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उस कैब और उसके चालक की तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कैब चालक का पता लगाया गया और ज्वैलरी से भरा बैग बरामद कर लिया गया।
आभूषण सहित बैग महिला को सौंपा
बैग बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे उसकी स्वामिनी के सुपुर्द कर दिया। अपना बैग और उसमें रखे आभूषण व अन्य सामान सकुशल वापस मिलने पर महिला और उसके पति ने राहत की सांस ली।
परिजनों ने कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की हुई सराहना
इस मामले में थाना सेक्टर-49 पुलिस की तत्परता और CCTV व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के प्रभावी इस्तेमाल से खोया हुआ कीमती सामान बरामद किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली।

























