संदिप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा । शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर 40 से अधिक रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों को अपनी समस्याओं से संबंधित 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूएज के उपाध्यक्ष आलोक नागर ने बताया कि आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पैदल मार्च करते हुए सांकेतिक रूप से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गेट को बंद किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी हिमांशु वर्मा को सौंपा।
RWA की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में शहरवासियों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं को उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि घरों से निकलने वाले कूड़े के लिए लगाए जा रहे चार्ज को वापस लिया जाए और पानी के बिलों में की गई बढ़ोतरी पर रोक लगाई जाए।
इसके अलावा ज्ञापन में प्राधिकरण में कथित रूप से बढ़ रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, फेडरेशन और प्राधिकरण के बीच नियमित बैठक आयोजित करने तथा ठेकेदारों और अधिकारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की गई।
RWA प्रतिनिधियों ने मित्र एप की मॉनिटरिंग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि एप पर आने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण की निगरानी किसी सक्षम अधिकारी द्वारा की जाए, ताकि शहरवासियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
इसके साथ ही शहर में प्रस्तावित बड़ी योजनाओं को लेकर भी प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित किया गया। ज्ञापन में बोडकी जंक्शन और बस डिपो जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और योजनाओं को आगे बढ़ाने की मांग की गई।
RWA प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण उनकी समस्याओं और मांगों का समाधान नहीं करता है तो फेडरेशन और विभिन्न RWA की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
आलोक नागर के अनुसार, मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में फेडरेशन और RWA की ओर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने प्राधिकरण से शहरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

























