ऋषि तिवारी
नोएडा। सेक्टर 11 में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या को लेकर रविवार सुबह सेक्टरवासियों ने आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर जल विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। सेक्टरवासियों का आरोप है कि इलाके में गंदा पानी, कम पानी और कम प्रेशर की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन जल विभाग की ओर से इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
150 लोगों ने किया शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुज गुप्ता एवं दिनेश कृष्णा ने बताया कि पानी की समस्या से परेशान सेक्टर 11 के करीब 150 लोग सुबह 7 बजे धवलगिरी के पास स्थित वाटर टंकी के गेट के सामने एकत्र हुए। यहां सेक्टरवासियों ने करीब दो घंटे तक शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन कर जल विभाग और प्राधिकरण के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
सेक्टरवासियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। कई इलाकों में पानी का प्रेशर बेहद कम रहता है, जबकि कई बार घरों में गंदा पानी भी पहुंच रहा है। इससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नोएडा अथॉरिटी पर होगा प्रदर्शन
धरने के दौरान सेक्टरवासियों ने जल विभाग और प्राधिकरण को स्पष्ट संदेश दिया कि अगर सेक्टर 11 की पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सेक्टरवासी नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ भी धरना प्रदर्शन करेंगे।
फोनरवा महासचिव केके जैन ने दिया समाधान का आश्वासन
धरना प्रदर्शन में फोनरवा महासचिव केके जैन भी मौजूद रहे। उन्होंने सेक्टरवासियों की समस्याएं सुनीं और पानी की समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान धवलगिरी के अध्यक्ष अशोक मिश्रा, सेक्टर 12 के अध्यक्ष पुनीत शुक्ला और सेक्टर 22 के अध्यक्ष प्रदीप बोहरा भी मौके पर उपस्थित रहे और सेक्टरवासियों की मांगों का समर्थन किया।
सेक्टरवासियों ने कहा कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन पानी जैसी मूलभूत सुविधा की समस्या का समाधान नहीं होने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।

























