UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप मचा दिया है। यहां पाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी से भयानक बदला लिया। अपनी शादी से नाराज प्रेमिका ने प्रेमी को गन्ने के खेत में मिलने के बहाने बुलाया और कहासुनी के बाद धारदार ब्लेड से उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। घटना के बाद लहूलुहान युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के ग्राम गुजीदेई निवासी सुधीर कुमार पुत्र अनिल की शादी बीते 6 मई को जसमई खिरौना गांव में तय हुई थी। बताया जा रहा है कि सुधीर और आरती (पत्नी पंकज) के बीच पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सुधीर की शादी हो जाने से आरती काफी नाराज और आहत थी।
नाराजगी के चलते आरती ने सुधीर को बातचीत करने के बहाने कुरसेली गांव के बाहर गन्ने के खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच पहले ही कहासुनी शुरू हो गई, जो तेजी से बढ़ती चली गई। गुस्से में आकर आरती ने धारदार ब्लेड से हमला कर दिया और सुधीर का प्राइवेट पार्ट काट दिया।
सुधीर की हालत गंभीर, भाभी लगती है प्रेमिका
घटना के बाद युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही तड़पने लगा। इस दौरान उसके एक दोस्त ने उसे मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि आरोपी महिला आरती रिश्ते में सुधीर की बुआ की बहू (भाभी) लगती है। परिवार में रिश्ते होने के बावजूद दोनों के बीच चल रहे इस प्रेम-प्रसंग का यह खौफनाक अंत इलाके में सनसनी फैला हुआ है।
पुलिस एक्शन में, आरोपी हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आगमपुर तिराहा से आरोपी महिला आरती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस खौफनाक वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।


























