संध्या समय न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सिडको) की महत्वाकांक्षी रैम्प योजना के तहत युवाओं और उद्यमियों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। कार्यान्वयन संस्था भावसर फाउंडेशन द्वारा रतनपुर और कोटा में आयोजित ‘ईडीपी-लीप’ प्रशिक्षण कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस विशेष सत्र का आयोजन उन युवाओं एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) संचालकों के लिए किया गया, जो अपना खुद का व्यवसाय स्थापित करने या उसे विस्तार देने की मंशा रखते हैं।
व्यावहारिक ज्ञान से दिखेगी राह
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को व्यवसाय की बारीकियों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण के दौरान व्यवसाय योजना निर्माण से लेकर विपणन (मार्केटिंग) रणनीति तक पर व्यापक चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने वित्तीय प्रबंधन, शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके और वैधानिक अनुपालन जैसे जटिल विषयों को सरल भाषा में समझाया। केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को वास्तविक व्यापारिक परिस्थितियों से निपटने की समझ विकसित कराई गई।
स्पोकन फेस्ट में ‘द मेहता बॉयज़’ को मिला जबरदस्त अपलॉज़
संसाधन व्यक्ति ने बांधा आत्मविश्वास
कार्यक्रम की मुख्य संसाधन व्यक्ति संध्या चंद्रसेन (भावसर फाउंडेशन) ने अपने प्रभावी अनुभव साझा किए। उन्होंने उद्यमिता विकास के विभिन्न आयामों को स्पष्ट करते हुए प्रतिभागियों में आत्मविश्वास का संचार किया। उनके मार्गदर्शन ने कई युवाओं के मन में उद्यम स्थापना के प्रति सकारात्मक सोच विकसित की।
प्रतिभागियों ने की सराहना
प्रशिक्षण में शामिल हुए प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें व्यवसाय को लेकर उलझन दूर करने में काफी मददगार साबित हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन की मांग की।
प्रतिबद्धता की घोषणा
कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन के साथ भावसर फाउंडेशन ने RAMP योजना के अंतर्गत कौशल विकास एवं उद्यमिता संवर्धन के लिए लगातार कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। निगम और फाउंडेशन का यह प्रयास राज्य के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
























