Ram Kapoor Dubai: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपने दमदार किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर राम कपूर इन दिनों एक दिलचस्प वजह से सुर्खियों में हैं। आमतौर पर सितारे अपने आलीशान घरों और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग और काफी गंभीर है। मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बढ़ते तनाव के बीच राम कपूर ने एक बड़ा फैसला लेते हुए दुबई जाने का ऐलान किया है।
बुर्ज खलीफा वाले घर का निर्माण कार्य पड़ा अधूरा
राम कपूर टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं और ऐसी पर्सनैलिटी पर लोगों की नजरें टिकी रहती हैं। एक्टर ने खुलासा किया है कि वो दुबई स्थित अपने घर का रेनोवेशन (नवीनीकरण) पूरा करने के लिए मजबूरन वहां जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका यह घर दुबई की मशहूर इमारत ‘बुर्ज खलीफा’ में है, जहां बहुत मुश्किल से रेनोवेशन की परमिशन मिली है। राम कपूर ने कहा कि तनाव की स्थिति में माहौल काफी खराब है, लेकिन मुझे डेडलाइन के अंदर ही काम पूरा करना है। अगर मैं डेडलाइन से पहले काम खत्म नहीं करवा पाया, तो मुझे ये पूरा प्रॉसेस वापस से करना पड़ेगा। इसलिए मेरे पास कोई और रास्ता नहीं बचा है।
यह भी पढ़ें : 23 मार्च राशिफल: जानिए क्या कहते हैं आपके सितारे, किसे मिलेगा धन लाभ और किसे पारिवारिक सुकून
पत्नी गौतमी को भारत में छोड़कर जाएंगे अकेले
राम कपूर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जंग छिड़ने से पहले वो और उनकी पत्नी गौतमी कपूर दुबई में ही थे। स्थिति खराब होने पर दोनों को वापस भारत आना पड़ा था। उन्होंने उम्मीद की थी कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब जब उन्हें काम पूरा करने के लिए वापस जाना है, तो उन्होंने अकेले जाने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वो अपनी पत्नी गौतमी कपूर को भारत में ही छोड़ रहे हैं ताकि वो यहां बच्चों का ध्यान रख सकें।
दुबई में हालात सामान्य बताए
मिडिल ईस्ट में तनाव के बावजूद राम कपूर ने दुबई में रह रहे अपने दोस्तों से बात की है। उन्होंने बताया कि उनके दोस्तों ने बताया है कि वहां के लोग डरे हुए नहीं हैं और वो अपनी जिंदगी को नॉर्मल तरीके से जीने की कोशिश कर रहे हैं। यही वजह है कि वो इस रिस्क के बावजूद अपने काम को पूरा करने के लिए दुबई जा रहे हैं।


















