South Superstar Mahesh Babu: भारतीय सिनेमा के जादूगर और दिग्गज निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अपनी आने वाली मेगा बजट फिल्म ‘वाराणसी’ (Varanasi) को लेकर एक बड़ा ऐलान करते हुए फिल्म का पहला लुक जारी कर दिया है। श्री राम नवमी के पावन अवसर पर मेकर्स ने एक छोटा लेकिन बेहद असरदार वीडियो (ग्लिम्स) साझा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। फिल्म के साथ ही इसकी रिलीज़ डेट का भी खुलासा हो गया है। यह फिल्म अगले साल 7 अप्रैल, 2027 को श्री राम नवमी के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
महेश बाबू का अनोखा अवतार
इस मच हस्ती फिल्म में साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, महेश बाबू इस फिल्म में ‘रुद्र’ नाम के एक शिव भक्त का किरदार निभाएंगे, लेकिन कहानी में रामायण से गहरा संबंध दिखाया जाएगा। जारी किए गए वीडियो में उन्हें भगवान श्री राम के स्वरूप में दिखाया गया है, जिसने प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि फिल्म में लगभग 25 मिनट का एक विशाल रामायण सीक्वेंस होगा, जिसे शूट करने में टीम को करीब 60 दिनों का समय लगा।
1000 करोड़ से ज्यादा का बजट और शानदार लोकेशन
‘वाराणसी’ को भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में शुमार किया जा रहा है। फिल्म का अनुमानित बजट 1,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताया जा रहा है। राजामौली इस बार दर्शकों को एक ग्लोबल एडवेंचर का अहसास कराने जा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग वाराणसी के पवित्र घाटों से शुरू होकर अंटार्कटिका की बर्फीली वादियों तक की गई है। तकनीकी श्रेष्ठता के लिए फिल्म को ‘IMAX’ फॉर्मेट में शूट किया जा रहा है, ताकि दर्शकों को एक अलग ही सिनेमाई अनुभव मिल सके।
यह भी पढ़ें : सरकार ने 15 हजार युवाओं के लिए शुरू की फ्री AI ट्रेनिंग, Google-YouTube बनेंगे साथी
प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन की दमदार भूमिका
महेश बाबू के अलावा फिल्म का स्टार कास्ट भी काफी शक्तिशाली है। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनास फिल्म में ‘मंदाकिनी’ की भूमिका निभाती नजर आएंगी। वहीं, मलयालम सिनेमा के जाने-माने अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में विलेन ‘कुंभ’ की भूमिका निभाएंगे। फिल्म की कहानी में एक्शन, एडवेंचर और पौराणिक कथाओं का एक अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
You’ll see him in theatres by next Sri Rama Navami. 🏹❤️ #Varanasi pic.twitter.com/mxCn0SQ1Ng
— Varanasi (@VaranasiMovie) March 27, 2026
फैंस का बढ़ा हुआ उत्साह
वीडियो शेयर करते हुए फिल्म की टीम ने लिखा कि आप उन्हें अगली राम नवमी तक सिनेमाघरों में देखेंगे। राजामौली की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘बाहुबली’ और ‘RRR’ की सफलता को देखते हुए, दुनिया भर के सिनेमा प्रेमी ‘वाराणसी’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार राजामौली क्या जादू दिखाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।

























