संध्या समय न्यूज
UP News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आज अयोध्या पहुंचीं। यहां उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ ही ‘दिव्य श्रीराम यंत्र’ की स्थापना की। नवरात्र के पावन अवसर पर राष्ट्रपति का यह दौरा सनातन परंपरा के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।
अयोध्या में भव्य स्वागत, यंत्र स्थापना से सकारात्मक ऊर्जा का संचार
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सवा दस बजे अयोध्या पहुंचीं, जहां हवाई अड्डे पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व बृजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरे शहर को सजाया गया था। मुख्य मार्गों और चौराहों पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के बैनर-पोस्टर लगाए गए थे, जबकि केसरिया झंडों और पताकाओं से धार्मिक उत्सव का माहौल बना था।
राम जन्मभूमि मंदिर में राष्ट्रपति ने विशेष पूजा की और राम यंत्र की स्थापना की। महंत विष्णु दास के अनुसार, श्री राम यंत्र से दिव्य ऊर्जा प्राप्त होती है, जो दुख-दरिद्र दूर करती है। उन्होंने कहा कि यह भगवान श्रीराम का हृदय स्वरूप है और मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले लाखों लोगों के सम्मान के रूप में राष्ट्रपति का यह दौरा श्रद्धालुओं के उत्साह को बढ़ाने वाला है। इस कार्यक्रम में मजदूरों, दुकानदारों और कारीगरों को भी आमंत्रित किया गया था।
मथुरा-वृंदावन में तीन दिवसीय कार्यक्रम, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अयोध्या के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति अपने तीन दिवसीय मथुरा-वृंदावन दौरे के लिए रवाना हो गई हैं। वे शाम 5 बजे मथुरा आर्मी हैलीपैड पर पहुंचेंगी और वहां से वृंदावन स्थित रेडिसन होटल पहुंचेंगी। यात्रा के दौरान इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन के अलावा गोवर्धन में गिरिराज जी की परिक्रमा करने वाली वह देश की पहली राष्ट्रपति होंगी।
यह भी पढ़ें :धुरंधर 2’ ने प्रीव्यू में ही बॉक्स ऑफिस पर मचा दी तूफान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सशस्त्र पुलिस बल (पीएसी) के जवानों के साथ-साथ हर पड़ाव की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारियों को दी गई है। सोशल मीडिया और संदिग्ध तत्वों पर भी निगरानी रखी जा रही है। राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन को देखते हुए मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन में यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा
19 मार्च (गुरुवार):
- शाम 5 बजे: मथुरा आर्मी हैलीपैड पर हेलीकॉप्टर से लैंडिंग।
- शाम 6:30 बजे: वृंदावन इस्कॉन मंदिर में दर्शन-पूजन।
- शाम 7 बजे: प्रेम मंदिर में संगीतमय फव्वारे और लाइटिंग के बीच दर्शन।
20 मार्च (शुक्रवार):
- सुबह 8 बजे: केलिकुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात।
- सुबह 11 बजे: नीम करोरी आश्रम और उड़िया आश्रम में दर्शन।
- दोपहर: रामकृष्ण मिशन सेवा ट्रस्ट अस्पताल में कैंसर यूनिट का उद्घाटन।
- शाम 5 बजे: दीदी मां साध्वी ऋतंभरा के वात्सल्य ग्राम पहुंचना और समविद बालिका सैनिक स्कूल की छात्राओं से बातचीत।
21 मार्च (शनिवार):
- सुबह 8:40 बजे: दानघाटी मंदिर में गिरिराज जी का दुग्धाभिषेक एवं पूजन।
- परिक्रमा: गोल्फ कार्ट से 21 किलोमीटर की गिरिराज परिक्रमा (ऐसा करने वाली वह पहली राष्ट्रपति होंगी)
- प्रस्थान: पेठा हेलीपोर्ट से आगरा के लिए रवाना होना।






















