Delhi News: दिल्ली के पालम गांव में हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें एक परिवार के नौ लोगों की जान गई, ने राजधानी की राजनीति को भी आग की तरह भड़का दिया है। जहां एक तरफ इलाके में शोक का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस हादसे को लेकर भाजपा (BJP) और आप पार्टी (AAP) दोनों पर गंभीर सवाल उठाए हैं और उन्हें संवेदनहीन बताया है।
देरी से पहुंची दमकल, बिगड़े उपकरणों ने बढ़ाई मुसीबतें
बता दें कि कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि पालम में आग लगने के बाद दमकल विभाग को मौके पर पहुंचने में काफी देरी हुई। जब वे पहुंचे तो हाइड्रोलिक लिफ्ट खराब पाई गई, जिससे राहत और बचाव कार्य में भारी बाधा आई। उन्होंने कहा कि यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपकरण खराब थे, तो दमकल विभाग को भेजा ही क्यों नहीं गया, जबकि तुरंत विभाग को सक्रिय होना चाहिए था।
यह भी पढ़ें : ऋतिक रोशन और रायन गॉसलिंग की फिल्म का बना अनोखा कनेक्शन
11 साल की लापरवाही का खामियाजा
बता दें कि कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि 2012 के बाद से दिल्ली फायर ब्रिगेड में भर्ती नहीं हुई है। पिछले 11 वर्षों में जो सरकारें रहीं, चाहे वह आप पार्टी की सरकार रही हो या अब भाजपा की सरकार, सभी ने विभाग को मजबूत करने पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और उपकरणों की कमी के चलते आज पूरा फायर सिस्टम खोखला हो चुका है और इसका खामियाजा आम जनता को अपनी जानों से भुगतना पड़ रहा है।
संवेदनहीन राजनीति पर हमला
बता दें कि कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने भाजपा और आप पार्टी कार्यकर्ताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पालम गांव में जहां एक परिवार बर्बाद हो गया, वहां राहत और सहानुभूति देने के बजाय दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। उन्होंने इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ और ‘संवेदनहीन’ बताते हुए कहा कि सियासी दलों को आपस की लड़ाई छोड़कर जनता की सेवा पर ध्यान देना चाहिए था।
भाजपा सरकार पर भी सवाल
बता दें कि कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने वर्तमान बीजेपी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार पिछले एक साल से सत्ता में है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित परियोजनाओं का भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि सरकार को बहाने बनाने से बाहर निकलकर जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : मथुरा: ईद पर दंगा भड़काने की बड़ी साजिश नाकाम
अटल कैंटीन और गैस संकट
कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने रसोई गैस की कमी के मुद्दे को भी उठाया। यादव ने कहा कि सरकार गैस की कमी से इनकार कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि कमी के चलते अटल कैंटीन को बंद करना पड़ा है, जो गरीबों के लिए बड़ा झटका है।
बढ़ते हादसों का आंकड़ा
कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने दिल्ली अग्निशमन सेवा के आंकड़ों का हवाला दिया कि इस साल 1 जनवरी से 15 मार्च तक 2,716 फायर कॉल दर्ज की गई हैं और औसतन रोजाना 36 कॉल आ रही हैं। इस दौरान 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 111 घायल हुए हैं। उन्होंने मुंडका अग्निकांड और मानसून में जलभराव से हुई मौतों का भी जिक्र करते हुए सरकारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।





















