संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। जनपद में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। यातायात माह के अवसर पर ऑटो चालकों को रूट चार्ट और रूट नंबर रिफ्लेक्टर प्रदान किए गए। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने हरी झंडी दिखाकर ऑटो चालकों को रवाना किया।
यह पहल जनपद में ऑटो रिक्शा के संचालन को निर्धारित रूट के अनुसार व्यवस्थित करने और सार्वजनिक मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई है।
रोजाना हजारों लोग करते हैं ऑटो का इस्तेमाल
गौतमबुद्धनगर में रोजाना हजारों लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में ऑटो रूट को व्यवस्थित रखना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को जाम, अव्यवस्थित यातायात और आवागमन से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों और परिवहन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर आपसी सहमति के आधार पर रूट निर्धारित किए गए हैं।
ऑटो की संख्या और रूट पर रहेगा नियंत्रण
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऑटो चालकों को रूट चार्ट और रूट नंबर रिफ्लेक्टर वितरित किए।
इस व्यवस्था का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों पर सड़क अनुशासन का पालन सुनिश्चित करना, ऑटो के निर्धारित रूट पर संचालन को बढ़ावा देना और अलग-अलग मार्गों पर ऑटो की संख्या को नियंत्रित करना है। इससे यातायात को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ आमजन को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को मिलेगी स्पष्ट रूट व्यवस्था
निर्धारित रूट चार्ट और रूट नंबर रिफ्लेक्टर के माध्यम से ऑटो चालकों को अपने निर्धारित मार्ग की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही यातायात पुलिस के लिए भी ऑटो के संचालन को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करना आसान होगा।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि गौतमबुद्धनगर ऑटो रूट व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, जिससे यातायात दबाव कम हो और सड़कों पर आवागमन अधिक सुचारू रह सके।

























