UP News: अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को काशी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान एक महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की वजह से संसद में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाया।
महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा
महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि काशी के सांसद के तौर पर और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए। यह बड़ा लक्ष्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना है।
उन्होंने आगे कहा कि अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया। लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा।”
‘3 करोड़ बहनें बनीं लखपति दीदी’
सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया, तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने। 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले। 2.5 करोड़ घरों में बिजली और 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में लगभग 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी हैं। पीएम ने गर्व से कहा कि सरकार के इसी प्रयास से आज देश की 3 करोड़ बहनें ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
नारीशक्ति है ‘विकसित भारत’ का सबसे मजबूत स्तंभ
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है। जब भी मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है। आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है।
6,350 करोड़ की परियोजनाएं और नई ट्रेनें
अपने दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में काशी और अयोध्या की कनेक्टिविटी को बढ़ाने वाले बड़े काम शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने काशी-पुणे और अयोध्या-मुंबई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि ये ट्रेनें यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएंगी। अब मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तर प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनावों से पहले की राजनीतिक और विकास की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
























