Delhi News: पीएम मोदी की अध्यक्षता में आज गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की एक अहम बैठक होने जा रहा है। यह बैठक ऐसे समय में आहूत की गई है जब देश मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के दौर से गुजर रहा है और वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया संकट के चलते आर्थिक और सुरक्षा स्थिति पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
पीएम मोदी पांच दिनों की विदेश यात्रा से लौटने के बाद आज शाम 4 बजे नई दिल्ली के ‘सेवा तीर्थ’ में इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। एक साल बाद हो रही इस पूर्ण मंत्रिपरिषद बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के अलावा स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री भी शामिल होंगे।
पश्चिम एशिया संकट पर होगा मंथन
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके भारत पर पड़ने वाले आर्थिक व सामाजिक प्रभावों पर चर्चा माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और रसद जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वैश्विक संकट के बावजूद देश के नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और आपूर्ति श्रृंखला बनी रहे।
मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं के बीच बैठक
राजनीतिक गलियारों में मोदी सरकार 3.0 के मंत्रिमंडल में जल्द ही फेरबदल की चर्चाएं जोरों पर हैं। जून माह में कैबिनेट विस्तार या फेरबदल की संभावनाओं के बीच यह बैठक खास मानी जा रही है। 2024 में तीसरी बार सरकार बनने के बाद यह पहला बड़ा मौका है जब पूरा मंत्रिमंडल एक साथ बैठकर सरकार के कामकाज की समीक्षा करेगा। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस बैठक के जरिए मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन कर सकते हैं, जिसे आने वाले फेरबदल के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
सरकारी योजनाओं की होगी समीक्षा
विदेशी मुद्दों के अलावा, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के कामकाज की एक अहम मध्यावधि समीक्षा करना है। विभिन्न मंत्रालयों द्वारा लिए गए प्रमुख निर्णयों, उनके परिणामों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं (इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स) की प्रगति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।


























