Bihar News: बिहार के पटना सिटी में बाहरी बेगमपुर इलाके में एक 10 साल की नाबालिग छात्रा की संदिग्ध और निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से दूध लेने निकली मासूम का शव 24 घंटे बाद गुरुवार सुबह एक सुनसान गली में कंबल में लपेटा हुआ बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना से इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। बिहार की जानकारी हम आपको विस्तार से बताते है।
ये है पूरा मामला
बता दें कि मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा रोशनी कुमारी बुधवार सुबह अपने घर से पास में ही दूध देने के लिए निकली थी। दूध देने के बाद उसे सीधे स्कूल जाना था, लेकिन वह न तो स्कूल पहुंची और न ही घर लौटी। जब देर शाम तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने बाईपास थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
करीब 24 घंटे बाद गुरुवार सुबह बाहरी बेगमपुर सती चौरा के पास एक गली में बच्ची का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला। शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
पुलिस ने की ये कार्रवाई
पटना सिटी के एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा के साथ क्रूरता की गई है। बच्ची के शरीर पर जख्म के निशान पाए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अवैध शराब के खिलाफ लोगों का आक्रोश, NH-30 जाम
घटना के बाद इलाके के लोगों और परिजनों में आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साई भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) को जाम कर दिया और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इलाके में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है और नशे में धुत लोगों की वजह से वहां का माहौल खराब हो गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया कि कई बार शराब बिक्री की सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मां ने मांगी दोषियों को फांसी की सजा
वहीं, मृतक छात्रा की मां विभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अपनी इकलौती बेटी को खोने के सदमे से वह असहाय हैं। उन्होंने सरकार और पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि जिसने भी उनकी मासूम बेटी की हत्या की है, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए और सख्त से सख्त सजा (फांसी) दी जानी चाहिए।
पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाया और आश्वासन दिया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल कायम है।
























