Delhi News: उत्तर-पूर्वी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात वेलकम थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक को गोलियों से छलनी कर दियाक़ घटना इतनी भयावह थी कि गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हत्या के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया है और आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
केशव चौक पर घात लगाए बैठे थे बदमाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान मौजपुर निवासी अमानुल्लाह कुरैशी (25) के रूप में हुई है। अमानुल्लाह देर रात अपनी स्कूटी पर सवार होकर शाहदरा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह केशव चौक के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उसे रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने युवक पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियों की बौछार में अमानुल्लाह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल युवक को गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अस्पताल में युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की जांच में सामने आई ये बातें
वेलकम थाने की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला ‘आपसी रंजिश’ से जुड़ा हुआ लग रहा है। मृतक और हमलावरों के बीच पहले किसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वजह का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, बरामद हुए खोखे
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई खोखे (cartridges) बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।
कानूनी कार्रवाई
वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत एफआईआर नंबर 233/26 दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। फिलहाल, इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोगों में फैली दहशत को कम किया जा सके।


























