ऋषि तिवारी
नोएडा। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नोएडा विधायक पंकज सिंह ने जन्माष्टमी पर मंदिरों में पूजा-अर्चना की और विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया और क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
पंकज सिंह सबसे पहले सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ नोएडा महानगर अध्यक्ष श्री महेश चौहान भी उपस्थित रहे।
इसके बाद नोएडा विधायक पंकज सिंह सेक्टर-50 स्थित सनातन धर्म मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं से मुलाकात की।
विधायक पंकज सिंह ने इसके बाद सेक्टर-56 और सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिरों में भी पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने मंदिरों में मौजूद श्रद्धालुओं से भेंट कर जन्माष्टमी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पंकज सिंह ने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस पर्व का उल्लास और आस्था नोएडा की पहचान है।”
जन्माष्टमी के अवसर पर नोएडा के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और धार्मिक आयोजनों के बीच विधायक पंकज सिंह की मंदिर यात्राओं ने भी पर्व के उत्साह को और बढ़ाया।






















