नोएडा की खाली ई-बसें, महीने में 1.19 करोड़ का घाटा

प्राधिकरणों ने अपने-अपने इलाकों के लिए 19 अलग-अलग मार्ग (रूट) तय किए थे। जिसमें ग्रेटर नोएडा यहां 25 बसें (जिनमें 3 डबल डेकर शामिल हैं) चार रूटों पर चल रही हैं। पिछले 40 दिनों में यहां प्रतिदिन औसतन केवल 331 यात्री ही सफर कर पाए। यानी कि प्रतिदिन प्रति बस के हिसाब से महज 13 यात्री सवार हुए।

नोएडा की खाली डबल डेकर बसें, प्रशासन की बड़ी चूक

HIGHLIGHTS

  • गलत रूट और खाली बसें
  • प्राधिकरणों को भारी पड़ा नुकसान
  • एक बस में सिर्फ 20 यात्री
  • ई-बस प्रोजेक्ट पर संकट
  • नोएडा एयरपोर्ट की खाली ई-बसें

Noida News: पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के लिए गौतमबुद्ध नगर (नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी) में शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवा अपने शुरुआती चरण में ही गहरे संकट में नजर आ रही है। बड़े दावों के साथ 12 जून को शुरू किए गए इस अभियान की धज्जियां उड़ते हुए तस्वीरें सामने आ रही हैं। सड़कों पर खाली दौड़ रही ये आधुनिक बसें न तो यात्रियों को राहत दे पा रही हैं और न ही प्रशासन को आर्थिक रूप से कोई फायदा हो रहा है।

आंकड़ों का बेहद निराशाजनक चित्र

बता दें कि यदि आंकड़ों पर गौर किया जाए तो हालात चौंकाने वाले हैं। तीनों शहरों में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें नोएडा एयरपोर्ट को कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए निकाली गई थीं। पिछले 40 दिनों के दौरान इन सौ बसों में कुल मिलाकर महज 83,701 यात्रियों ने ही सफर किया है। अगर इसकी गणित समझें, तो प्रतिदिन औसतन केवल 2,090 यात्री ही इन बसों का उपयोग कर रहे हैं। जब इस संख्या को 100 बसों पर बांटा जाता है, तो निकलता है कि हर दिन एक बस में औसतन 20 से 21 यात्री सवार हो रहे हैं, जो बस की कुल क्षमता के मुकाबले महज 10 प्रतिशत से भी कम है।

इस खामी का सीधा असर तीनों विकास प्राधिकरणों के खजाने पर पड़ा है। खाली या कम यात्री लेकर चलने वाली इन बसों ने अपने पहले महीने में ही तीनों एजेंसियों को करीब 1.19 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है।

तीनों शहरों का प्रदर्शन कैसा रहा?

प्राधिकरणों ने अपने-अपने इलाकों के लिए 19 अलग-अलग मार्ग (रूट) तय किए थे। जिसमें ग्रेटर नोएडा यहां 25 बसें (जिनमें 3 डबल डेकर शामिल हैं) चार रूटों पर चल रही हैं। पिछले 40 दिनों में यहां प्रतिदिन औसतन केवल 331 यात्री ही सफर कर पाए। यानी कि प्रतिदिन प्रति बस के हिसाब से महज 13 यात्री सवार हुए।

नोएडा में नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत 50 बसें (4 डबल डेकर सहित) चलाई गई हैं। यहां हालात थोड़े बेहतर रहे, लेकिन वो भी संतोषजनक नहीं कहे जा सकते। प्रतिदिन औसतन 1,004 यात्रियों ने इनका इस्तेमाल किया, जिसका मतलब है कि हर बस में रोजाना सिर्फ 20 लोग सफर कर रहे हैं।

यमुना सिटी यहां भी 25 बसें (3 डबल डेकर) चल रही हैं। यही वो जोन है जहां सबसे ज्यादा यात्री भार देखने को मिला। रोजाना औसतन 758 यात्रियों ने यहां यात्रा की, जिससे प्रति बस 30 यात्रियों का आंकड़ा बना। शायद यही वजह है कि यमुना सिटी ने तीनों में सबसे ज्यादा 10 लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है।

खाली बसों के पीछे क्या हैं असली वजह?

इस व्यापक विफलता के पीछे सबसे बड़ी वजह बिना ‘ग्राउंड रियलिटी’ के जमीनी स्तर पर रूट तय करना है। अधिकांश बसें ऐसे रास्तों से गुजर रही हैं जहां आबादी कम है। बसें सीधे हाईवे या एयरपोर्ट रोड से होकर निकल रही हैं, जबकि इन्हें घनी आबादी वाले सेक्टरों, मल्टी-स्टोरी अपार्टमेंट्स और किरायेदारों वाले इलाकों से निकलना चाहिए ताकि लोग आसानी से बस स्टैंड तक पहुंच सकें।

नोएडा फेडरेशन ऑफ रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (नफोवा) के अध्यक्ष का मानना है कि प्रशासन ने जनसंपर्क और जानकारी देने के मामले में पूरी तरह विफलता दर्ज की है। उनका कहना है कि शहर के लोगों को बसों के टाइमिंग और रूट की कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा, बस स्टॉप की कमी और रूट की जानकारी लगी बोर्ड न होने के कारण यात्री भटक रहे हैं और अंततः इस सुविधा को अनदेखा कर रहे हैं।

जमीनी स्तर पर उठ रही आवाजें

सेक्टर-22डी (यमुना सिटी) के निवासी राकेश त्रिपाठी ने स्थानीय स्तर पर हो रही परेशानियों को बयां किया। उन्होंने बताया कि रूट नंबर-2 पर सेक्टर-22डी से केवल एक ही बस निकलती है। जबकि अन्य बसें आबादी वाले क्षेत्रों को छोड़कर सीधे चापरगढ़ मार्ग से निकल रही हैं। उन्होंने मांग उठाई है कि यदि कुछ बसों का रूट बदलकर सेक्टर-22डी से होकर कर दिया जाए, तो यात्रियों की संख्या में तुरंत इजाफा हो सकता है।

प्रशासन ने सुधार के लिए बांधी कमर

इस पूरे मामले पर ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी के अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि रूटिंग में बदलाव की जरूरत है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि ने बताया कि अब ग्रेटर नोएडा में रूटों का नया सर्वे शुरू कर दिया गया है। उनका कहना है कि जल्द ही उन इलाकों पर फोकस किया जाएगा जहां ज्यादा आबादी और किरायेदार रहते हैं। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों में भी सर्वे कराकर शिफ्टिंग के समय बसों के फेरे बढ़ाने की रणनीति बनाई जा रही है।

वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यीडा) के एसीईओ राजेश कुमार ने यमुना सिटी द्वारा किए गए बेहतर राजस्व संग्रह पर संतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब यात्रियों को इस सुविधा से जोड़ने और रूट ऑप्टिमाइज़ करने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू हो चुका है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now