नोएडा में नई उड़ान की शुरुआत: पीएम मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया

पीएम मोदी ने किया जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन करते

Noida Jewar Airport : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर इसे दिल्ली-एनसीआर का दूसरा प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बना दिया। इस एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री बोझ को कम करने में मदद मिलेगी और यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों के लिए विकास के नए अवसर लेकर आएगा।

उद्घाटन समारोह और पीएम मोदी का संदेश

सुबह करीब 11:30 बजे पीएम मोदी ने एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया और 12:20 बजे उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि नए भारत की “भविष्य की उड़ान” का प्रतीक है। पीएम मोदी ने इसे जनता की अमानत करार दिया और कहा कि यह किसानों, छोटे और लघु उद्योगों तथा युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि एयरपोर्ट का पहला चरण सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को हैंडल कर सकेगा और भविष्य में इसे और विकसित किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ का संबोधन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एयरपोर्ट प्रदेश की “डबल इंजन सरकार” की गति का परिणाम है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व की सराहना की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एयरपोर्ट केवल कनेक्टिविटी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर भी पैदा करेगा। उन्होंने जोर दिया कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश और भारत की समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

यह भी पढ़ें : मुंबई: BMC के पास अब 75 इच्छामृत्यु आवेदन, गरिमापूर्ण मौत की मांग बढ़ी

एरोट्रोपोलिस और रोजगार के अवसर

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट को केवल हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे एक एरोट्रोपोलिस के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां एयर कार्गो, रियल एस्टेट, होटल, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और एग्रीकल्चर जैसे क्षेत्रों में नए रोजगार और व्यापार अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट के निर्माण से पहले लोग रोजगार के लिए दिल्ली जाते थे, लेकिन अब देश और दुनिया के लोग कामकाज के लिए जेवर आएंगे।

आधुनिक सुविधाओं से लैस एयरपोर्ट

पहले चरण में 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। एयरपोर्ट में 1,38,000 वर्ग मीटर का आधुनिक टर्मिनल, 38 मीटर ऊंचा एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और अत्याधुनिक सुविधाएं तैयार की गई हैं, ताकि यात्रियों को बेहतरीन अनुभव मिल सके।

विकास की नई उड़ान

अवनीश कुमार अवस्थी, सलाहकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह भारत और उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि 2017 से बड़े प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई थी और अब ये एक-एक करके पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और योगी आदित्यनाथ की पहल से जेवर एयरपोर्ट अब सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और भारत की आर्थिक उड़ान का प्रतीक बन गया है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now