ऋषि तिवारी
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय सचिव गजेन्द्र बैसोया के आग्रह पर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदू प्रकाश ने गाँव बरौला का दौरा किया। इस दौरान गांव की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया, जिसमें कई समस्याएं सामने आईं। खास तौर पर बरौला के बड़े नाले की सफाई नहीं होने पर चिंता जताई गई।
मानसून से पहले नाले की सफाई जरूरी
गाँव बरौला के सामने स्थित बड़े नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मानसून के दौरान नाले में पानी का प्रवाह बढ़ने से जलभराव और गंदगी की समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
यह नाला बरौला, सलारपुर, भंगेल, गेझा और शहदरा के पास से होकर गुजरता है तथा आगे दोस्तपुर मंगरोली के सामने यमुना नदी में जाकर मिलता है। ऐसे में इस नाले की नियमित और प्रभावी सफाई को बेहद जरूरी बताया गया है।
नाले को पक्का कर आरसीसी से कवर करने की मांग
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय सचिव गजेन्द्र बैसोया ने नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदू प्रकाश के समक्ष नाले की सफाई जल्द से जल्द कराने की मांग रखी।
गजेन्द्र बैसोया ने कहा कि केवल नाले की सफाई ही नहीं, बल्कि भविष्य की समस्या को देखते हुए नाले को पक्का किया जाए और ऊपर से आरसीसी से कवर किया जाए। इससे नाले के आसपास रहने वाले लोगों को बदबू, गंदगी और संभावित बीमारियों से राहत मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नाले की स्थिति और खराब होने से पहले प्राधिकरण को इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
ओएसडी ने समाधान का दिया आश्वासन
गाँव बरौला के दौरे के दौरान नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदू प्रकाश ने मौके पर नाले और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने नाले की सफाई कराने के साथ-साथ अन्य समस्याओं का भी समाधान कराने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नोएडा प्राधिकरण मानसून के मद्देनजर नाले की सफाई का कार्य जल्द शुरू कराएगा और नाले को स्थायी रूप से पक्का एवं आरसीसी से कवर करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करेगा।

























