संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर करीब 3000 वर्गमीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। प्राधिकरण के मुताबिक, कब्जामुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 करोड़ रुपये है।
पहली कार्रवाई सेक्टर-159 स्थित मेन रोड पर टाटा कंपनी के सामने की गई। यह अभियान नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 की टीम की ओर से चलाया गया। यहां प्राधिकरण की जमीन पर झुग्गियां बनाकर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्राधिकरण की टीम ने करीब 2000 वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस जमीन की बाजार कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है।
हिंडन पुश्ता के डूब क्षेत्र में बनाए गए रास्ते पर कार्रवाई
वहीं, नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6 क्षेत्र में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। प्राधिकरण के अनुसार, हिंडन पुश्ता के डूब क्षेत्र में बनी कॉलोनियों तक आवागमन के लिए मिट्टी का भराव कर रास्ता तैयार किया जा रहा था।
प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में मिट्टी का भराव कर बनाए गए रास्ते को हटवा दिया। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है।
9 करोड़ रुपये की जमीन कराई कब्जामुक्त
नोएडा प्राधिकरण की ओर से दोनों स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल करीब 3000 वर्गमीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार, इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 करोड़ रुपये है।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे और अतिक्रमण को हटाना है। अधिकारियों ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

























