Delhi News: पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। यहां एक दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी की 38 वर्षीय पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के गले पर फंदे के निशान मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जाने पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को सुबह करीब 9:50 बजे पीसीआर (PCR) कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही मंडावली थाने की पुलिस टीम, स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO), जांच अधिकारी (IO) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान महिला के गले पर फंदे के निशान पाए गए हैं और घटनास्थल से एक दुपट्टा भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दुपट्टे का इस्तेमाल घटना को अंजाम देने में हुआ हो सकता है।
पीड़िता की पहचान, पति हैं डीसीपी
मृतका की पहचान गीता ठाकुर (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पूर्वी जिले में तैनात डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) राकेश कुमार की पत्नी थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गीता ठाकुर की शादी 1 अक्टूबर, 2025 को हुई थी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत के पीछे का कारण क्या है और आखिरकार यह घटना कैसे घटी।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा जाएगा, ताकि वैज्ञानिक जांच के आधार पर सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत का सही कारण सामने आएगा। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


























