Delhi News: महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने वाला है। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ (GCMMF) यानी ‘अमूल’ के बाद अब देश की एक और दिग्गज डेयरी कंपनी ‘मदर डेयरी’ ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने अपने सभी वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने का फैसला किया है। यह बढ़ी हुई कीमतें दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत अन्य क्षेत्रों में 14 मई से लागू हो जाएंगी।
एक साल बाद हुआ संशोधन
मदर डेयरी के प्रवक्ता के मुताबिक, दूध की कीमतों में यह बदलाव लगभग एक साल के लंबे अंतराल के बाद किया गया है। इससे पहले कंपनी ने पिछली बार कीमतों में संशोधन लगभग एक साल पहले ही किया था। कंपनी का कहना है कि उन्होंने उपभोक्ताओं पर कम से कम बोझ डालने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इनपुट लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लेना अपरिहार्य हो गया था।
किसानों की मिल्कियत सुरक्षित रखने का दावा
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पिछले एक साल के दौरान किसानों से दूध खरीद की कीमतों में करीब 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। परिचालन लागत और खरीद मूल्य में इस निरंतर बढ़ोतरी के साथ संतुलन बनाए रखने के लिए यह आंशिक मूल्य वृद्धि की गई है। मदर डेयरी ने यह भी जानकारी दी कि वे अपनी बिक्री से होने वाली आय का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे किसानों और दूध खरीद में लगाती है। इसका मकसद किसानों की आजीविका को सुरक्षित रखना और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराना है।
अन्य ब्रांड्स पर भी बढ़ सकता है दबाव
जानकारों का मानना है कि डेयरी सेक्टर की दो बड़ी कंपनियों (अमूल और मदर डेयरी) के इस फैसले के बाद अन्य स्थानीय डेयरी ब्रांड्स पर भी दबाव बढ़ सकता है। जल्द ही अन्य दूध उत्पादक कंपनियां भी कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती हैं, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई का सामना करना पड़ सकता है।























