संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभारी मंत्रियों द्वारा जिलों में निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने जनपद भ्रमण के दौरान नोएडा में विभिन्न सरकारी संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।
पोषण पुनर्वास केंद्र का किया शुभारंभ
प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने सबसे पहले जिला चिकित्सालय सेक्टर-39 नोएडा में स्थापित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों और सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
मंत्री ने NRC सेंटर, डायलिसिस सेंटर, आयुष्मान भारत काउंटर, फिजियोथेरेपी, ब्लड बैंक, तंबाकू उन्मूलन केंद्र, दवा वितरण केंद्र, पंजीकरण और OPD का जायजा लिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला चिकित्सालय में आवश्यक चिकित्सा उपकरण और पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता हमेशा बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को दवाओं के लिए बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति और मरीजों से अच्छे व्यवहार पर जोर
बृजेश सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और सभी मूलभूत सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी समय से अस्पताल में उपस्थित रहें और सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मंत्री ने अस्पताल के स्टाफ और चिकित्सकों को मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ मृदुल और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।
भर्ती मरीजों से लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों की ओर से मिला फीडबैक संतोषजनक रहा।
अस्पताल परिसर में मूलभूत सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी मंत्री ने संतोष जताया और अस्पताल प्रबंधन के कार्यों की सराहना की।
इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रेनू अग्रवाल, तहसीलदार जेवर विवेक भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कंपोजिट विद्यालय छलेरा में इनोवेशन हब और डिजिटल शाला का शुभारंभ
जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री सेक्टर-37 नोएडा स्थित कंपोजिट विद्यालय छलेरा पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय में स्थापित इनोवेशन हब और डिजिटल शाला का फीता काटकर शुभारंभ किया।
मंत्री ने स्मार्ट क्लास में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत की और आधुनिक शिक्षा के संबंध में उनके विचार जाने। उन्होंने बच्चों की शिक्षा के प्रति रुचि की सराहना की।
बच्चों के साथ मिड डे मील की गुणवत्ता परखी
प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे मिड डे मील को खाकर उसकी गुणवत्ता भी परखी। भोजन मानकों के अनुरूप पाया गया।
मंत्री ने स्कूल परिसर की मूलभूत सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से की बातचीत
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने सेक्टर-104 नोएडा स्थित हाजीपुर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में मौजूद बच्चों से बातचीत कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने बच्चों गौरव और जोया का जन्मदिन भी मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
गौशाला में गोवंश को खिलाया गुड़
प्रभारी मंत्री ने गौशाला जलपुरा का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गोवंश को स्नेहपूर्वक दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार त्रिपाठी ने मंत्री को गौशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मंत्री ने गौशाला में गोवंश के लिए बनाए गए शेड, चारे और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर न भटके। इसके लिए अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं तक पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा लक्ष्मी, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

























