संदीप कुमार गर्ग
नोएडा। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की कार्यकारिणी के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वाईएमसीए क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष हरीशचंद भाटी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार नागर एडवोकेट ने की।
बैठक में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी विजय सिंह पथिक की 144वीं जयंती को भव्य और धूमधाम से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महासभा द्वारा यह आयोजन 27 और 28 फरवरी 2025 को विजय सिंह पथिक स्टेडियम में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
पांच राज्यों की गुर्जर संस्कृति और विरासत की दिखेगी झलक
आयोजन के दौरान राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश की गुर्जर जाति की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर को प्रदर्शित एवं संरक्षित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। इसके साथ ही वीर विजय सिंह पथिक के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान से बच्चों एवं युवाओं को प्रेरित किया जाएगा।
होनहार बच्चों और खिलाड़ियों को किया जाएगा प्रोत्साहित
जयंती समारोह में समाज के होनहार बच्चों एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है। महासभा का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि विजय सिंह पथिक का जीवन संघर्ष, साहस और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। उनके विचारों और योगदान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहेगा।

























