परशुराम के किरदार में मनोज तिवारी ने बटोरी सुर्खियां

ऋषि तिवारी


नई दिल्ली। लाल किला ग्राउंड में आयोजित देश-विदेश में लोकप्रिय लव कुश रामलीला के तीसरे दिन युवा दर्शकों की विशेष मौजूदगी देखने को मिली। भव्य मंच, आकर्षक एलईडी लाइट्स और शानदार डिजिटल तकनीक के बीच सीता स्वयंवर के दृश्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

लव कुश रामलीला कमेटी के प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार के अनुसार, तीसरे दिन की लीला का मंचन देखने विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार और दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा भी पहुंचे।

मनोज तिवारी की परशुराम के रूप में दमदार एंट्री

तीसरे दिन की लीला में सबसे खास आकर्षण भगवान परशुराम का किरदार रहा। सांसद, अभिनेता और गायक मनोज तिवारी ने परशुराम की भूमिका निभाई। जब उन्होंने हाथ में तेज धार वाला फरसा लेकर क्रोधित परशुराम के रूप में मंच पर प्रवेश किया, तो लाल किला ग्राउंड में मौजूद हजारों दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

एलईडी लाइट्स से जगमगाते भव्य राजा जनक के दरबार में आयोजित सीता स्वयंवर का दृश्य भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। स्वयंवर में अनेक राजाओं की मौजूदगी और हाथ में वरमाला लिए माता सीता की मंच पर एंट्री ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

सोमनाथ मंदिर के भव्य सेट पर हुआ लीला का मंचन

रामलीला के दौरान सोमनाथ मंदिर के भव्य सेट ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। तीसरे दिन जनक दूत आगमन, अष्ट सखी संवाद, गिरजा पूजन संवाद, रावण-बाणासुर संवाद से लेकर लक्ष्मण संवाद तक के प्रसंगों का मंचन किया गया।

इस दौरान चर्चित अभिनेता और हम लोग फेम राजेश पुरी की मौजूदगी और अभिनय भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा।

लव कुश रामलीला कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल और वाइस प्रेसिडेंट श्री सत्यभूषण जैन के अनुसार, रामलीला के अगले दिन भी कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया जाएगा।

कल होगा राम वनगमन और केवट प्रसंग

अगले दिन की लीला में श्रीराम के राज्याभिषेक की घोषणा, मंथरा-कैकेयी संवाद और इसके बाद भगवान श्रीराम के लक्ष्मण एवं माता सीता के साथ वनगमन का मंचन होगा। इसके साथ ही केवट प्रसंग भी दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

रामलीला कमेटी के अनुसार, केवट द्वारा प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को नाव से नदी के पार कराने का दृश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक की सहायता से विशेष रूप से मंचित किया जाएगा। तकनीक के इस प्रयोग से रामलीला के पारंपरिक प्रसंगों को आधुनिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारी है।

लाल किला ग्राउंड में हो रही लव कुश रामलीला में धार्मिक कथा, भव्य मंच सज्जा, आधुनिक तकनीक और लोकप्रिय कलाकारों का संगम दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now