असम: लखीमपुर रैली में मल्लिकार्जुन खरगे ने की भव्य घोषणा

25 लाख का मुफ्त इलाज और 1250 रुपये पेंशन...

Assam Election : असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को लखीमपुर जिले के नाओबोइचा में एक भव्य चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राज्य की जनता के लिए पार्टी की ‘5 गारंटी’ का बड़ा ऐलान किया। इन गारंटियों में महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक और स्वास्थ्य से लेकर भूमि अधिकार तक की बड़ी घोषणाएं शामिल हैं।

वादों के ऐलान के साथ-साथ खरगे ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा को ‘नकली मुख्यमंत्री’ करार देते हुए उन पर सत्ता हथियाने का आरोप लगाया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘अलीबाबा और 40 चोरों’ वाली टिप्पणी कर भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया।

क्या हैं कांग्रेस की 5 बड़ी गारंटी?

खरगे ने रैली में असम की जनता के लिए इन 5 बड़ी योजनाओं का ऐलान किया:

  1. महिला सशक्तिकरण योजना: महिलाओं को हर महीने बिना किसी शर्त सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा, जो महिलाएं अपना बिजनेस शुरू करना चाहती हैं या उसका विस्तार करना चाहती हैं, उन्हें 50,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक मदद दी जाएगी।
  2. 25 लाख का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा: राज्य के हर परिवार को 25 लाख रुपये की कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस योजना का लाभ दिया जाएगा, ताकि कोई भी इलाज की कमी से मरने न पाए।
  3.  आदिवासियों को भूमि अधिकार: राज्य के 10 लाख आदिवासी परिवारों को स्थायी भूमि पट्टे (Land Patta) देकर उनके भूमि अधिकार को सुरक्षित किया जाएगा।
  4. बुजुर्गों को 1250 रुपये पेंशन: असम के सभी वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 1,250 रुपये की पेंशन दी जाएगी। बुजुर्गों से संबंधित मामलों की देखरेख के लिए एक विशेष विभाग भी बनाया जाएगा।
  5.  जुबिन गर्ग केस में 100 दिन में न्याय: प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग की मृत्यु मामले में कांग्रेस की सरकार बनने पर 100 दिनों के भीतर न्याय सुनिश्चित कराया जाएगा।

“भाजपा की योजनाओं में शर्तें, हमारी गारंटी बिना शर्त”

खरगे ने भाजपा सरकार की महिला योजनाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को पैसे देने के बदले उन्हें अपनी पार्टी का सदस्य बनने के लिए मजबूर करती है। लेकिन कांग्रेस की गारंटी बिना किसी शर्त के है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जो वादे किए थे, वो पूरे किए हैं, असम में भी ऐसा ही होगा।

यह भी पढ़ें :‘असम में चुनाव से पहले अमित शाह का बड़ा ऐलान

“सरमा नकली मुख्यमंत्री हैं”

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर जमकर हमला करते हुए खरगे ने कहा कि वह ‘नकली मुख्यमंत्री’ हैं। उन्होंने तर्क दिया कि 2021 का चुनाव भाजपा ने सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में लड़ा था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद सरमा ने आदिवासी नेता सोनोवाल को हटाकर कुर्सी हथिया ली।” उन्होंने सरमा के पुराने कांग्रेस कनेक्शन को याद करते हुए कहा, “वह हमारे साथ पले-बढ़े, लेकिन धोखा दिया। ऐसे व्यक्ति को जनता को वोट नहीं देना चाहिए।”

“अलीबाबा दिल्ली में बैठा है, 40 चोर फैले हैं”

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर खरगे ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अलीबाबा और उसके 40 चोरों को रोकना होगा। अलीबाबा दिल्ली में बैठा है और उसके 40 चोर अलग-अलग जगहों पर जमीन लूटने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि असम में सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता के परिवार के पास ही 12,000 बीघा जमीन है और सरकारी जमीनें अदाणी और रामदेव जैसे कॉर्पोरेट्स को दी जा रही हैं।

मणिपुर पर घेरा, मोदी पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी खरगे ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में इतनी भ्रष्ट सरकार के लिए प्रधानमंत्री जी समर्थन मांग रहे हैं। जातीय संघर्ष से जल रहे मणिपुर की यात्रा करने वालों में सिर्फ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही शामिल हैं, जिन्होंने वहां के दुखी लोगों से मुलाकात की। खरगे ने आश्वस्त किया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर युवाओं, किसानों, छोटे उद्यमियों, चाय बागान श्रमिकों और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग की जरूरतों को पूरा करेगी और असम को ‘भ्रष्टाचार मुक्त’ बनाएगी।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now