Noida News: नोएडा में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जिला गौतम बुद्ध नगर की जेवर मंडल इकाई द्वारा आज ‘व्यापारी एवं कारोबारी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के एनसीआर चेयरमैन डॉ. पीयूष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलन कर की, जबकि जिला अध्यक्ष संजय जैन की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को सुनना और उनका निस्तारण कराना था। इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी आदरणीय श्रीमती मेघा रूपम, ग्रेटर नोएडा डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और एसडीएम श्री दुर्गेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दिया सकारात्मक संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यापारियों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी महोदया, डीसीपी साहब और एसडीएम ने सभी की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं। विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श के बाद कई समस्याओं का तत्काल प्रभाव से समाधान किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान का व्यापार मंडल को आश्वासन दिया गया। व्यापार मंडल द्वारा जिलाधिकारी और डीसीपी को समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
200 से अधिक व्यापारियों ने की भागीदारी
बता दें कि इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महासचिव अमित अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, महासचिव राहुल भाटिया, सचिव सुनील वर्मा, डॉ. जे.एस. बेदी, तनवीर तथा व्यापार मंडल जेवर मंडल के अध्यक्ष संजय महेश्वरी, महासचिव कुलदीप पंडित, संरक्षक जैनेंद्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, अंबर सिंगल समेत तकरीबन 200 से अधिक व्यापारी और उद्यमी शामिल हुए। व्यापारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने जेवर क्षेत्र की व्यापारिक समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की। इस आयोजन से व्यापारियों में प्रशासन के प्रति एक नया विश्वास पैदा हुआ है।





















