संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष पर्यटकों को रविवार को नोएडा मीडिया क्लब में शहर के पत्रकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान पत्रकार साथियों ने मृतकों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान सभी पत्रकारों ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद पत्रकारों ने पहलगाम में पर्यटकों पर किए गए इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और घटना में शामिल आतंकवादियों एवं अन्य दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पत्रकारों ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर की गई ऐसी आतंकवादी घटनाएं बेहद दुखद और निंदनीय हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से हमले के सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान संजीव यादव, वीरेंद्र मलिक, विनोद शर्मा, अंबरीश त्रिपाठी, मनोहर त्यागी, संदीप कुमार गर्ग, ऋषि तिवारी, गिरीश नारायण, अमित चौधरी, पवन त्रिपाठी, प्रवेश चौधरी, जगदीश शर्मा, जे.पी. सिंह, वरुण श्रीवास्तव, सुमन चौधरी, प्रिया राणा, रमेश शर्मा, आर.बी. यादव, अश्विनी, महेंद्र माही, हिमांशु बहुगुणा, अमर सैनी, बलवीर सिंह और रवि यादव सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
पत्रकारों ने एकजुट होकर पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी देशवासियों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की।
























